मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव

मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव

मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव
Modified Date: March 16, 2024 / 11:34 pm IST
Published Date: March 16, 2024 11:34 pm IST

भोपाल, 16 मार्च (भाषा) भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की, जिसके तहत मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया, ‘पहले चरण के लिए अधिसूचना 20 मार्च को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है जबकि जांच 28 मार्च को होगी। वहीं नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 मार्च है।’

पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को मतदान होगा, सीधी, शहडोल (अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए सुरक्षित), मंडला (एसटी) और बालाघाट जैसी प्रमुख सीटें शामिल हैं।

वहीं दूसरे चरण में 26 अप्रैल को टीकमगढ़ (अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सुरक्षित), दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बैतूल (एसटी), बुंदेलखण्ड का हिस्सा, विंध्य और मप्र के मध्य क्षेत्रों में मतदान होगा।

अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण की अधिसूचना 28 मार्च को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है।

अधिकारी के मुताबिक, नामांकन की जांच पांच अप्रैल को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अप्रैल है।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में, चंबल-ग्वालियर अंचल की आठ सीटों और बुंदेलखंड और मध्य क्षेत्रों के शेष हिस्सों में सात मई को मतदान होगा। इनमें प्रमुख सीटें गुना और विदिशा के साथ-साथ मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, सागर, भोपाल और राजगढ़ शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया, ‘तीसरे चरण के लिए अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी की जाएगी, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 अप्रैल है। नामांकन की जांच 20 अप्रैल को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 22 अप्रैल है।’

चौथे और अंतिम चरण का मतदान 13 मई को होगा, जिसमें आठ लोकसभा सीटें शामिल होंगी। इनमें से अधिकांश मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हैं।

ये आठ सीटें देवास (एससी), उज्जैन (एससी), मंदसौर, रतलाम (एसटी), धार (एसटी), इंदौर, खरगोन (एसटी) और खंडवा हैं।

चौथे चरण की अधिसूचना 18 अप्रैल को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अप्रैल है।

अधिकारी ने बताया कि नामांकन जांच प्रक्रिया 26 अप्रैल को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 29 अप्रैल है। चुनाव आयोग के मुताबिक, मतगणना चार जून को होगी।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में