भोपाल, 13 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रदेश की आठ लोकसभा सीट के लिए सोमवार को जारी चौथे चरण के मतदान में उनकी पार्टी पिछले तीन चरणों की तुलना में और अधिक मतदान कराने के लिए प्रयास कर रही है।
यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आठ सीट पर 75 से 80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जाएगा।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार मध्य प्रदेश के कुल 29 लोकसभा क्षेत्रों में से 21 पर 64.76 प्रतिशत मतदान हुआ। इन 21 सीटों पर 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान संपन्न हो चुके हैं।
रतलाम, धार, खरगोन, देवास, उज्जैन, मंदसौर, इंदौर और खंडवा सीट पर सोमवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है।
शर्मा ने कहा, ‘‘चौथे चरण के पहले दो घंटे में मतदान पिछले तीन चरणों की तुलना में बेहतर रहा है। हम यहां से मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। उन सभी जिलों में भी निगरानी की जा रही है जहां मतदान जारी है। सभी के प्रयासों से मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई है।’’
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट ऐतिहासिक अंतर से जीतेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासी क्षेत्र में माहौल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में है। हर आदिवासी भाई-बहन मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैदान में हैं।’’
रतलाम में कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और राज्य के वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी एवं भाजपा उम्मीदवार अनिता चौहान के बीच सीधा मुकाबला है।
इंदौर में कांग्रेस अपने उम्मीदवार अक्षय कांति बम के नामांकन वापस लेने के बाद दौड़ से बाहर हो गई है। इंदौर में भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद शंकर लालवानी को फिर से मैदान में उतारा है।
भाषा दिमो मनीषा खारी
खारी