भोपाल, 10 जून (भाषा) कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ के गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर कब्जा करने की तैयारी कर ली है जिस पर 10 जुलाई को उपचुनाव होना है।
हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार ने अमरवाड़ा क्षेत्र में 15,000 अधिक मत हासिल किए थे।
भाजपा ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है।
अतीत में देखें तो वर्ष 1972 से अब तक भाजपा ने अमरवाड़ा (एसटी) सीट दो बार- 1990 और 2008 में, जीती थी, जबकि कांग्रेस नौ बार यह सीट जीत चुकी है। आदिवासी संगठन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) ने 2003 में एक बार इस निर्वाचन क्षेत्र में सीट हासिल की थी।
नवंबर 2023 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के टिकट पर कमलेश शाह ने अमरवाड़ा विधानसभा सीट जीती थी और उन्होंने भाजपा उम्मीदवार मोनिका मनमोहन शाह बट्टी को 25,086 मतों के अंतर से हराया था।
अमरवाड़ा से तीन बार कांग्रेस विधायक रहे कमलेश शाह के इस साल 29 मार्च को इस्तीफा देने और उसके तुरंत बाद सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के कारण यहां उपचुनाव की आवश्यकता है। शाह ने बाद में राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।
उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा सोमवार को निर्वाचन आयोग ने की। मतगणना 13 जुलाई को होगी।
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस उम्मीदवार नकुल नाथ को 1.13 लाख मतों के अंतर से हराया था।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आम चुनावों के दौरान अमरवाड़ा विधानसभा सीट के अंतर्गत मतदान केंद्रों पर भाजपा को 93,512 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 78,473 वोट मिले यानी भाजपा ने इस सीट पर 15,000 अधिक वोट हासिल किए।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि अब कमलेश शाह को अमरवाड़ा सीट के लिए भाजपा द्वारा मैदान में उतारा जा सकता है।
चुनाव अधिसूचना 14 जून को जारी की जाएगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है।
मतपत्रों की जांच 24 जून को की जाएगी और नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।
भाषा दिमो खारी
खारी