खराब मौसम के कारण राहुल को मध्य प्रदेश में करना पड़ रहा रात्रि विश्राम

खराब मौसम के कारण राहुल को मध्य प्रदेश में करना पड़ रहा रात्रि विश्राम

खराब मौसम के कारण राहुल को मध्य प्रदेश में करना पड़ रहा रात्रि विश्राम
Modified Date: April 9, 2024 / 12:29 am IST
Published Date: April 9, 2024 12:29 am IST

भोपाल, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आज मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रात्रि विश्राम करना पड़ रहा है, क्योंकि खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। पार्टी के एक पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, बाद में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा नेताओं ने दावा किया कि हेलीकॉप्टर का ईंधन खत्म हो गया है।

गांधी अपनी पार्टी के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के लिए मध्य प्रदेश में हैं और उन्होंने सोमवार को मंडला और शहडोल में दो रैलियों को संबोधित किया, जहां 26 अप्रैल को मतदान होगा।

मप्र कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘शहडोल में खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। गांधी को जबलपुर जाना था, जहां से उन्हें दिल्ली के लिए रवाना होना था।’’

पटवारी ने बताया, ‘‘अब वह शहडोल के एक होटल में रात में रुकेंगे और मंगलवार सुबह छह बजे रवाना होंगे।’’

इस बीच, सोमवार रात छिंदवाड़ा लोकसभा सीट के अंतर्गत गांव चावलपानी में एक सभा को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा, ‘‘ राहुल गांधी आज शहडोल आए लेकिन ईंधन की कमी के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। अगर कांग्रेस का ईंधन खत्म हो गया है, तो राहुल के हेलीकॉप्टर के लिए ईंधन कैसे होगा?’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की तरह उड़ान नहीं भर पा रही है। मैडम सोनिया गांधी उन्हें कितना भी धक्का दें, राहुल गांधी उड़ान नहीं भरेंगे।’’

चौहान ने यह भी कहा कि छिंदवाड़ा से कांग्रेस के मौजूदा सांसद नकुलनाथ का राजनीतिक करियर भी आगे नहीं बढ़ रहा है।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में