मुंबई में ‘डिलीवरी’ टेम्पो से एलपीजी गैस के 27 सिलेंडर चोरी

मुंबई में ‘डिलीवरी’ टेम्पो से एलपीजी गैस के 27 सिलेंडर चोरी

मुंबई में ‘डिलीवरी’ टेम्पो से एलपीजी गैस के 27 सिलेंडर चोरी
Modified Date: March 28, 2026 / 10:06 pm IST
Published Date: March 28, 2026 10:06 pm IST

मुंबई, 28 मार्च (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर में एक डिलीवरी वाहन से रसोई गैस के पांच भरे हुए एवं 22 खाली सिलेंडर चोरी हो जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण आपूर्ति में कथित व्यवधान के बीच चोरी की घटना कांदिवली (पश्चिम) के चारकोप में हुई।

‘डिलीवरी’ करने वाले नंदकुमार रामराज सोनी ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने बुधवार को अपने घर के पास काका केनी चौक पर सिलेंडर से लदा अपना टेम्पो खड़ा किया था।

अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि वापस लौटने पर बृहस्पतिवार को सोनी ने टेम्पो के दरवाजे का शीशा टूटा हुआ देखा और उसके पीछे का ताला भी टूटा हुआ था। वाहन से रसोई गैस के सभी 27 सिलेंडर चोरी हो गए थे, जिनमें से पांच सिलेंडर भरे हुए और 22 खाली थे।

अधिकारी ने बताया कि चोरी करने वालों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘इलाके के सीसीटीवी फुटेज में कई संदिग्धों को वाहनों के साथ देखा गया है और उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में