मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) आयकर विभाग ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बुधवार को खेल कोटे के तहत 97 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति की जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी तेजल हसबनीस और मुंबई के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर तनुश कोटियन भी शामिल हैं।
चयनित खिलाड़ियों में योगासन खिलाड़ी अभिषेक भी हैं, जिन्होंने जून में अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते थे। इसके अलावा पैरा निशानेबाज आकाश को भी नियुक्ति मिली है, जिन्होंने वर्ष 2024 में नई दिल्ली में आयोजित डब्ल्यूएसपीएस विश्व कप तथा 2025 में दुबई के अल ऐन में आयोजित इसी प्रतियोगिता में टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था।
पत्र सूचना कार्यालय (मुंबई) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के तहत 97 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्त कर सार्वजनिक सेवा में खेल उत्कृष्टता को सम्मान देने और उच्चस्तरीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।
विज्ञप्ति में बताया गया कि मुंबई के आयकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आलोक कुमार ने नव-नियुक्त खिलाड़ियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे।
इन 97 पदों के लिए कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभाग ने सभी आवेदनों की गहन जांच और मूल्यांकन के बाद योग्य खिलाड़ियों का चयन किया।
विभाग के अनुसार, ‘‘ इस भर्ती की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। इससे विभाग में शामिल हो रही खेल प्रतिभाओं के उच्च स्तर का पता चलता है।’’
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर