कुश्ती ट्रायल्स की तिथि निर्धारित करने में नाकाम रहा तदर्थ पैनल, आईओए से किया संपर्क

कुश्ती ट्रायल्स की तिथि निर्धारित करने में नाकाम रहा तदर्थ पैनल, आईओए से किया संपर्क

कुश्ती ट्रायल्स की तिथि निर्धारित करने में नाकाम रहा तदर्थ पैनल, आईओए से किया संपर्क
Modified Date: July 10, 2023 / 09:22 pm IST
Published Date: July 10, 2023 9:22 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) एशियाई खेलों के लिए भारतीय कुश्ती टीम का चयन करने की समय सीमा समाप्त होने में केवल 10 दिन का समय बचा है लेकिन भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) का तदर्थ पैनल ट्रायल्स की तिथि निर्धारित करने में नाकाम रहा।

एशियाई ओलंपिक परिषद ( ओसीए) ने एशियाई खेलों के लिए खिलाड़ियों की सूची भेजने की अंतिम तिथि 15 जुलाई तय कर रखी थी। महाद्वीपीय संस्था ने हालांकि भारतीय कुश्ती टीम के लिए 22 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी।

लेकिन एक सप्ताह की अतिरिक्त समय सीमा मिलने के बावजूद तदर्थ पैनल सोमवार को चली लंबी बैठक के बाद भी ट्रायल्स की तिथि का फैसला नहीं कर पाया। इसके बजाय उसने फैसला किया कि आईओए को समय सीमा बढ़ाने के लिए ओसीए से संपर्क करना चाहिए।

तदर्थ समिति के एक सदस्य अशोक गर्ग ने बैठक के बाद पीटीआई से कहा,‘‘ हमने आईओए अध्यक्ष ( पीटी उषा) से अनुरोध किया है कि वह 22 जुलाई से आगे समय सीमा बढ़ाने के लिए ओसीए से आग्रह करें।’’

उन्होंने कहा,‘‘ बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला। हमें ओसीए से सकारात्मक जवाब की उम्मीद है। हमने तदर्थ पैनल के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा से बात की और उन्होंने कहा कि वह उषा के लिए पत्र लिखेंगे।’’

गर्ग ने कहा,‘‘ यदि ओसीए समय सीमा नहीं बढ़ाता है तो हम भविष्य की योजना को लेकर कल या उसके एक दिन बाद बैठक कर सकते हैं।’’

तदर्थ पैनल का यह कदम उन छह प्रदर्शनकारी पहलवानों को फायदा पहुंचाने के रूप में देखा जा रहा है जिन्होंने अपनी तैयारियों के लिए अगस्त तक का समय मांगा था।

एक कोच ने नाम न छापने की शर्त पर कहा,‘‘ स्पष्ट है कि आईओए पूरे कुश्ती समुदाय के बारे में नहीं बल्कि केवल छह पहलवानों के बारे में सोच रहा है। यह स्पष्ट है कि तदर्थ पैनल को निर्देश दिए गए थे और वह स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहा है।’’

भाषा पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में