एरिगेसी से ड्रॉ खेलकर फिरोजा बने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स चैंपियन

एरिगेसी से ड्रॉ खेलकर फिरोजा बने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स चैंपियन

एरिगेसी से ड्रॉ खेलकर फिरोजा बने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स चैंपियन
Modified Date: July 22, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: July 22, 2026 8:31 pm IST

चेन्नई, 22 जुलाई (भाषा) फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने बुधवार को भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी के खिलाफ सातवें और अंतिम दौर की बाजी ड्रॉ खेलकर चौथे चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

फिरोजा ने सात दौर में दो जीत और पांच ड्रॉ के साथ कुल 4.5 अंक हासिल किए। उन्होंने प्रतियोगिता की शुरुआत लगातार दो जीत से की थी और अंतिम दौर में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों एरिगेसी और उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव पर आधे अंक की बढ़त के साथ पहुंचे।

खिताब जीतने की कोशिश में काले मोहरों से खेल रहे अब्दुसत्तोरोव को ग्रैंडमास्टर दिमित्री आंद्रेइकिन ने 37 चालों में हरा दिया।

इससे फिरोजा को चैंपियन बनने के लिए एरिगेसी के खिलाफ केवल ड्रॉ की दरकार थी और उन्होंने 41 चाल में मुकाबला बराबरी पर समाप्त कर खिताब सुनिश्चित कर लिया।

फिरोजा को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

आंद्रेइकिन चार अंकों के साथ एरिगेसी के बराबर संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे।

अब्दुसत्तोरोव, निहाल सरीन और एम प्रणेश ने 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त चौथा स्थान हासिल किया।

वहीं, मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का संघर्ष जारी रहा। उन्हें सात में से तीन बाजी में हार का सामना करना पड़ा और वह केवल दो अंकों के साथ तालिका में अंतिम स्थान पर रहे।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में