भारत के खिलाफ होगी अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी की सबसे बड़ी परीक्षा
भारत के खिलाफ होगी अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी की सबसे बड़ी परीक्षा
(कुशान सरकार)
मुल्लांपुर, तीन जून (भाषा) अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी की भारत के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में कड़ी परीक्षा होगी।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी भी इस 31 वर्षीय खिलाड़ी के इर्द गिर्द घूमेगी। अफगानिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों की उनसे काफी उम्मीद लगी होगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि शाहिदी अपेक्षाओं के इस बोझ से कैसे निपटते हैं।
अनुभवी खिलाड़ी राशिद खान और मोहम्मद नबी की अनुपस्थिति में शांत स्वभाव वाले शाहिदी पर यह साबित करने की जिम्मेदारी होगी कि अफगानिस्तान लाल गेंद की क्रिकेट में कुछ सुपरस्टार नामों पर निर्भर नहीं हैं।
यह एक ऐसी भूमिका है जिस पर उनके पिता को गर्व होगा। शाहिदी के पिता भौतिकी के शिक्षक और कई पाठ्यपुस्तकों के लेखक हैं और वह शिक्षा को सर्वोपरि मानते हैं।
कई अन्य अफगान परिवारों की तरह शाहिदी का परिवार भी अफगानिस्तान में वर्षों के संघर्ष और राजनीतिक उथल-पुथल से प्रभावित रहा है। उन्होंने स्वदेश लौटने से पहले पाकिस्तान में कुछ समय बिताया। अनिश्चितता के ऐसे माहौल में पले-बढ़े एक युवा लड़के के लिए क्रिकेट शायद ही सबसे सुरक्षित करियर विकल्प था।
इसके बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत करके अफगानिस्तान के क्रिकेट दिग्गजों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
अगर राशिद टीम के सुपरस्टार हैं तो शाहिदी वह खिलाड़ी हैं जिन्हें टीम को नई दिशा देने का जिम्मा सौंपा गया है। इसलिए उनके लिए भारत के खिलाफ इस टेस्ट मैच का महत्व परिणाम से कहीं अधिक है।
अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ 2018 में बेंगलुरु में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। इस मैच में उसने केवल दो सत्र में 20 विकेट गंवा दिए थे। इसी मैच में शाहिदी ने अपना पदार्पण किया था।
इसके आठ साल बाद वह टीम के कप्तान है और उन्हें भारत की मजबूत टीम की चुनौती से पार पाना है जो किसी भी लिहाज से आसान नहीं होगा। लेकिन शाहिदी धैर्य से काम लेते हैं और अनुशासन में रहना पसंद करते हैं।
वह बल्लेबाजी में अपना लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने 2021 में अबू धाबी में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 200 रन बनाए थे। इस तरह से वह टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने तब 246 रन बनाए थे जो अफगानिस्तान की तरफ से सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड है।
सबसे बड़ा सवाल लिया है कि क्या अफगानिस्तान इस मैच को पांच दिन तक खींच पाएगा। कम से कम भारत ऐसा कतई नहीं चाहेगा और वह मैच को जल्द से जल्द समाप्त करने में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ेगा जिससे शाहिदी के लिए चुनौती और मुश्किल बन गई है।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


