चिली को 6 . 0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम नेशंस कप फाइनल में, मुकाबला न्यूजीलैंड से

Ads

चिली को 6 . 0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम नेशंस कप फाइनल में, मुकाबला न्यूजीलैंड से

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 03:20 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 03:20 PM IST

आकलैंड, 20 जून (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए चिली को 6 . 0 से हराकर एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा ।

भारत के लिये नवनीत कौर (छठा और 13वां मिनट) और दीपिका (14वां और 18वां) ने दो दो गोल किये जबकि नेहा (32वां) और रूतुजा पिसाल (39वां) ने एक एक गोल दागा ।

टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार चौथी जीत है ।

‘प्लेयर आफ द मैच’ चुनी गई कप्तान सलीमा टेटे ने बेहतरीन प्रदर्शन किया ।

भारत का सामना फाइनल में रविवार को न्यूजीलैंड से होगा जिसने अमेरिका को शूटआफ में 4 . 1 से हराया । निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1 . 1 से बराबरी पर थीं ।

भारत ने शुरू ही से गेंद पर नियंत्रण बनाये रखा और पहले पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत के गोल की मदद से बढत बना ली । भारत की बढत जल्दी ही दुगुनी हो गई जब बायें फ्लैंक से सलीमा ने दौड़कर नवनीत को गेंद सौंपी जिसने गोल कर दिया ।

ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके भारत की बढत 3 . 0 की कर दी ।

दीपिका के नाम अब टूर्नामेंट में सर्वाधिक छह गोल हो गए हैं ।

हाफ टाइम तक 4 . 0 से आगे भारत ने ब्रेक के बाद भी दबदबा जारी रखा । नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 5 . 0 कर दिया ।

रूतुजा ने रिवर्स हिट पर भारत का छठा गोल दागा ।

चिली ने आखिरी क्वार्टर में कुछ मौके बनाये लेकिन भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता ने जबर्दस्त बचाव करते हुए उसे एक भी गोल नहीं करने दिया ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर