नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) देश के माल निर्यात में वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद अप्रैल-मई में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वाणिज्य मंत्रालय मई महीने के व्यापार आंकड़े 15 जून को जारी करेगा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ इन दो महीनों के दौरान निर्यात 15 प्रतिशत बढ़ा है।’’
अप्रैल में निर्यात 13.78 प्रतिशत बढ़कर 43.56 अरब डॉलर रहा था जो पिछले चार वर्षों में किसी एक महीने का सबसे अधिक है। यह वृद्धि मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पादों के कारण हुई जिन्हें कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से समर्थन मिला। आयात में वृद्धि के कारण हालांकि व्यापार घाटा तीन महीने के उच्च स्तर 28.38 अरब डॉलर तक पहुंच गया था।
भाषा निहारिका अजय
अजय