मथुरा (उप्र), आठ जून (भाषा) मथुरा जिले के फरह थानाक्षेत्र में सोमवार को टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस के पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मोगर्रा थाना क्षेत्र के नागला चिंगा की चंचल (19) और आगरा की सुनीता (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, ओवरटेक करने की कोशिश में बस डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को फरह और मथुरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
फरह के थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि चार घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि नौ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसपी (सिटी) ने कहा कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह गोवर्धन से आगरा जा रही थी।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार