एंसी सोजन के माता-पिता ने रजत का जश्न मनाया

एंसी सोजन के माता-पिता ने रजत का जश्न मनाया

एंसी सोजन के माता-पिता ने रजत का जश्न मनाया
Modified Date: September 27, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: September 27, 2026 7:05 pm IST

त्रिसूर (केरलम), 27 सितंबर (भाषा) लंबी कूद की खिलाड़ी एंसी सोजन के घर में खुशी और थोड़ी निराशा का माहौल था, जब उनके माता-पिता और बड़ी संख्या में लोग यहां नाट्टिका में लगाए गए स्क्रीन पर उन्हें एशियाई खेलों में भारत के लिए रजत पदक जीतते हुए देख रहे थे।

परिवार को उम्मीद थी कि एंसी स्वर्ण पदक जीतेगी, लेकिन रजत पदक ने भी अपार खुशी दी।

जैसे ही उन्होंने पदक पक्का किया, पटाखे फोड़े गए और परिवार को बधाई देने के लिए लोग जुट गए।

राज्यसभा सांसद जेबी माथेर भी उनके साथ यह मुकाबला देखने के लिए मौजूद थीं।

एंसी के पिता सोजन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें रजत पदक मिला है। हमें स्वर्ण की उम्मीद थी। मौसम ने प्रतिकूल प्रभाव डाला। फिर भी, रजत पदक पाकर हम खुश हैं; आखिरकार, हम भारत के लिए एक पदक जीतने में सफल रहे। यह संतोषजनक है। ’’

पेशे से ऑटोरिक्शा चालक सोजन ने कहा कि परिवार ने करीब 10 से 15 वर्षों तक इस पल के लिए मेहनत की और उम्मीद लगाए रखी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर, इस तरह की प्रतियोगिताओं में अंतिम छलांग बेहतर होती है। दुर्भाग्य से, किसी कारण से ऐसा नहीं हुआ। हमें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। फिर भी, हम खुश हैं। ’’

भाषा

नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में