(अमनप्रीत सिंह)
नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) अंकिता रैना की शनिवार को यहां दक्षिण कोरिया की डेयोन बैक के हाथों सीधे सेटों में हार के साथ ही भारत की बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के विश्व ग्रुप के प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें खत्म हो गई।
भारतीय टीम दिन की शुरुआत में तालिका में चौथे स्थान पर थी और उसे शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए कोरिया पर 3-0 से जीत की जरूरत थी। कप्तान विशाल उप्पल ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले की शुरुआत के लिए सबसे अनुभवी खिलाड़ी अंकिता को चुना, लेकिन डेयोन बैक ने यह मुकाबला जीत कर भारत की उम्मीद पर पानी फेर दिया।
विश्व में 581वीं रैंकिंग की खिलाड़ी 33 वर्षीय अंकिता ने 343वीं रैंकिंग वाली कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ पहला सेट आसानी से गंवा दिया लेकिन दूसरे सेट में उन्होंने कड़ी चुनौती पेश की। आखिर में हालांकि उन्हें एक घंटे 55 मिनट तक चले मैच में 1-6, 5-7 से हार का सामना करना पड़ा। अंकिता ने इस टूर्नामेंट में इससे पहले कोई एकल मैच नहीं खेला था। वह केवल युगल में ही प्रतिस्पर्धा कर रही थीं।
भारत अब शेष बचे दो मैच जीतने का प्रयास करेगा। इससे वह चौथे स्थान पर बने रहने की अपनी उम्मीद को बरकरार रखेगा। ऐसा करने पर वह एशिया – ओशिनिया ग्रुप एक में बना रहेगा।
अंकिता को मैच में कई मौके मिले लेकिन वह इनका फायदा नहीं उठा पाई। उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक गंवाए जिसका आखिर में उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा। पहले सेट के शुरुआती गेम में उन्होंने दो ब्रेक प्वाइंट हासिल किए, लेकिन दोनों को भुनाने में नाकाम रहीं।
अगले गेम में उन्हें ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा जब उनके ड्रॉप शॉट को डेयोन ने जोरदार तरीके से भुनाया, लेकिन उन्होंने एक लंबी रैली के बाद इसे बचा लिया और अंत में ओवरहेड वॉली से विजयी शॉट लगाया।
हालांकि छह ड्यूस प्वाइंट के बाद फोरहैंड शॉट नेट में जाने के बाद अंकिता ने एक और ब्रेक का मौका दिया और इस बार कोरियाई खिलाड़ी ने इसका फायदा उठाते हुए एक और कमजोर ड्रॉप शॉट पर फोरहैंड विनर लगा दिया।
लगभग 30 मिनट बाद कोरियाई खिलाड़ी ने 3-0 की शानदार बढ़त बना ली। जल्द ही स्कोर 4-0 हो गया जब अंकिता ने एक डीप रिटर्न पर फोरहैंड शॉट नेट पर मार दिया।
अंकित ने अगले गेम में कोरिया खिलाड़ी की सर्विस तोड़कर दर्शकों में कुछ उत्साह भरा लेकिन इसके बाद सातवें गेम में उन्होंने फिर से अपनी सर्विस गंवा दी और पहला सेट हार गईं।
अंकिता ने दूसरे सेट में अपनी ‘अनफोर्स्ड एरर्स’ में काफी कमी की और अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए आठवें गेम तक डेयोन के साथ बराबरी पर बनी रहीं। आत्मविश्वास से भरी अंकिता ने सातवें गेम में एक शानदार ड्रॉप शॉट लगाने के बाद दर्शकों से और जोर से तालियां बजाने का आग्रह किया।
इसके बाद आठवें गेम में डेयोन की लगातार कई गलतियों के कारण अंकिता को बढ़त बनाने का मौका मिला। अंकिता ने पहला ब्रेक प्वाइंट गंवा दिया, लेकिन फिर दूसरा ब्रेक प्वाइंट हासिल किया, जिसे उन्होंने कोरियाई खिलाड़ी के लंबे शॉट के बाद भुना लिया।
अंकिता इस ब्रेक का फायदा नहीं उठा सकीं और तुरंत अपनी सर्विस गंवा बैठीं। आखिरी झटका तब लगा जब 30-15 के स्कोर पर वह हाफ-वॉली नहीं खेल पाईं। उसके बाद उनके लगातार दो रिटर्न भी बाहर चले गए। इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने कोई गलती नहीं की और मैच अपने नाम कर दिया।
भाषा
पंत नमिता
नमिता