अंकुर और यशस्विनी बने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियन
अंकुर और यशस्विनी बने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियन
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) अंकुर भट्टाचार्जी ने रविवार को 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का पुरुष और यशस्विनी घोरपड़े ने महिला एकल खिताब अपने नाम किया।
अंकुर ने जहां कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की, वहीं यशस्विनी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
पुरुष एकल फाइनल में अंकुर ने रोमांचक मुकाबले में पायस जैन को 4-3 (11-8, 9-11, 7-11, 11-8, 4-11, 11-4, 11-9) से हराकर खिताब जीता। निर्णायक गेम में पायस ने 7-4 की बढ़त बनाकर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए थे, लेकिन अंकुर ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 8-8 से बराबर किया और फिर 10-9 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद पायस का रिटर्न बाहर जाने से अंकुर ने निर्णायक गेम 11-9 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
महिला एकल फाइनल में यशस्विनी ने एकतरफा अंदाज में श्रीजा अकुला को 4-1 (11-6, 11-1, 8-11, 11-7) से हराया।
भारत ने इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग सभी स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मेजबान टीम को एकमात्र निराशा पुरुष युगल वर्ग में मिली, जहां मलेशिया के शेन क्यू वोंग और जावेन चोंग की जोड़ी ने फाइनल में भारत के मानव ठक्कर और मनुष शाह को 11-9, 12-10, 11-7 से हराकर खिताब जीता।
महिला युगल का फाइनल पूरी तरह भारतीय रहा, जिसमें श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास ने यशस्विनी घोरपड़े और दिव्यांशी भौमिक को 3-1 (11-8, 11-13, 11-8, 11-6) से हराकर खिताब जीता।
मिश्रित युगल फाइनल में भारत के मानव ठक्कर और तनीषा कोटेचा ने शानदार वापसी करते हुए मलेशिया की ऐ जिन और रिचर्ड रुई की जोड़ी को 3-2 (11-8, 10-12, 10-12, 11-9, 11-5) से हराकर खिताब अपने नाम किया।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


