गुजरात के उपमुख्यमंत्री सांघवी ने भारतीय मुक्केबाजों को पहनाए पदक

गुजरात के उपमुख्यमंत्री सांघवी ने भारतीय मुक्केबाजों को पहनाए पदक

गुजरात के उपमुख्यमंत्री सांघवी ने भारतीय मुक्केबाजों को पहनाए पदक
Modified Date: August 2, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: August 2, 2026 7:36 pm IST

गांधीनगर, दो अगस्त (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने ग्लास्गो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय मुक्केबाजों को पदक प्रदान किए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सांघवी भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में ग्लास्गो पहुंचे हैं, जहां वह बहु-खेल प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रहे हैं। अहमदाबाद वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘इस विश्वस्तरीय खेल प्रतियोगिता में भारतीय मुक्केबाजों ने कई पदक जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने विजेता भारतीय खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए।’

सांघवी ने कहा, ‘हमारे खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये भारत के युवाओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक हैं। खिलाड़ियों को पदक पहनाना और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे को लहराते देखना अत्यंत गर्व और रोमांच का क्षण है।’

विज्ञप्ति के अनुसार, जब भारतीय मुक्केबाजों को पदक प्रदान किए जा रहे थे, तब पूरे स्टेडियम में ‘भारत माता की जय’ के नारों की गूंज सुनाई दी।

सांघवी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर स्वर्ण पदक विजेता अंकुश पंघाल को पदक पहनाने का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘भारत के लिए बेहद गर्व का दिन, हर पल रोमांच से भर देने वाला। अंकुश पंघाल ने शानदार प्रदर्शन किया।’

भारतीय मुक्केबाजों ने राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 10 फाइनल में जगह बनाई और सात स्वर्ण तथा तीन रजत पदक अपने नाम किए।

उपमुख्यमंत्री सोमवार तड़के भारतीय समयानुसार 1:30 बजे होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के हैंडओवर समारोह में भी हिस्सा लेंगे, जिसमें 2030 मेजबान शहर अहमदाबाद को औपचारिक रूप से मेजबानी का दायित्व सौंपा जाएगा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में