नागोया, 24 सितंबर (भाषा) भारतीय पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम एशियाई खेलों में कांस्य पदक से चूककर चौथे स्थान पर रही जबकि मिश्रित स्कीट टीम ने एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।
कमलजीत, बालकृष्ण केदारलिंग उचागनवे और आकाश भारद्वाज की तिकड़ी छह सीरीज में कुल 1727 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही।
चीन ने अधिक इनर-10 के आधार पर स्वर्ण पदक जीता। चीन और इंडोनेशिया दोनों के 1743 अंक थे, लेकिन चीन ने 70 इनर-10 के साथ पहला स्थान हासिल किया। इंडोनेशिया ने 57 इनर-10 के साथ रजत पदक जीता। जापान ने 1730 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
भारत के लिए निराशा इस बात से भी बढ़ गई कि तीनों निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके। कमलजीत नौवें, आकाश 11वें और केदारलिंग 35वें स्थान पर रहे।
भारत के लिए स्कीट स्पर्धा से कुछ अच्छी खबर मिली। परीनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका की जोड़ी ने मिश्रित स्कीट स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली।
भारतीय जोड़ी 138 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में चौथे स्थान पर रही।
परीनाज और नरूका दोनों बुधवार को क्रमशः महिला और पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।
क्वालीफिकेशन में कतर 145 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहा। कोरिया ने 143 अंक के साथ दूसरा और चीन ने 140 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले बुधवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में भी भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। भारतीय टीम और किसी भी खिलाड़ी को व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक नहीं मिल सका था।
भाषा आनन्द
आनन्द