बिश्केक, पांच अप्रैल (भाषा) नई प्रतिभाओं के बेहतर प्रदर्शन और अनुभवी खिलाड़ियों की निरंतरता से उत्साहित भारतीय टीम सोमवार से शुरू हो रही एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी और उम्मीद करेगी कि उसके युवा पहलवान महाद्वीपीय चुनौती पर खरे उतरें।
सभी की निगाहें 53 किग्रा वर्ग की पहलवान मीनाक्षी गोयत पर होंगी जिन्होंने राष्ट्रीय चयन ट्रायल में दो बार की विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वहीं पुरुष फ्रीस्टाइल में अमन सहरावत (61 किग्रा) और सुजीत कलकल (65 किग्रा) पदक के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
ट्रायल में अन्य भार वर्गों में भी खिलाड़ियों ने प्रभाव छोड़ा। नीलम ने 50 किग्रा में अपने दबदबे से प्रभावित किया, जहां उनके शानदार ‘सुप्लेक्स’ दांव ने ध्यान खींचा था। वह इस तरह के प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगी।
मानसी अहलावत (62 किग्रा) और मनीषा भानवाला (57 किग्रा) ने अपने नियंत्रित प्रदर्शन से टीम में जगह बनाई। मनीषा का वजन वर्ग बदलना भारत की पदक संभावनाओं को और मजबूत करता है।
टीम में हंशिका, नेहा सांगवान, मोनिका, मानसी लाठर, हर्षिता और काजल जैसे पहलवान भी शामिल हैं, जो अनुभव और युवा जोश का संतुलित मिश्रण पेश करते हैं।
जापान, चीन और कजाखस्तान जैसे मजबूत देशों के खिलाफ घरेलू प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय सफलता में बदलना एक बड़ी चुनौती होगी।
ओलंपिक पदक विजेता और 2023 के चैंपियन अमन सहरावत खिताबी जीत दोहराने के इरादे से उतरेंगे, हालांकि इस बार वह अपने सामान्य 57 किग्रा की बजाय 61 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
सुजीत कलकल ने खुद को विश्व स्तरीय पहलवान के रूप में स्थापित किया है और उनसे पदक की उम्मीद की जा रही है।
प्रतियोगिता की शुरुआत सोमवार से ग्रीको-रोमन शैली के मुकाबलों के साथ होगी।
भारतीय दल:
पुरुष फ्रीस्टाइल:
अंकुश (57 किग्रा), अमन सहरावत (61 किग्रा), सुजीत कलकल (65 किग्रा), अभिमन्यु (70 किग्रा), जयदीप (74 किग्रा), संदीप मान (79 किग्रा), मुकुल दहिया (86 किग्रा), पुनित कुमार (92 किग्रा), विक्की (97 किग्रा), दिनेश शंकर (125 किग्रा)।
ग्रीको-रोमन:
ललित (55 किग्रा), साहिल (60 किग्रा), सनी (63 किग्रा), सचिन सहरावत (67 किग्रा), अनिल (72 किग्रा), अमन (77 किग्रा), प्रिंस (82 किग्रा), सुनील कुमार (87 किग्रा), नितेश (97 किग्रा), जोगिंदर राठी (130 किग्रा)।
महिला वर्ग:
नीलम सिरोही (50 किग्रा), मीनाक्षी (53 किग्रा), हंशिका लांबा (55 किग्रा), मनीषा भानवाला (57 किग्रा), नेहा सांगवान (59 किग्रा), मानसी अहलावत (62 किग्रा), मोनिका (65 किग्रा), मानसी लाठर (68 किग्रा), हर्षिता (72 किग्रा), काजल ढोचक (76 किग्रा)।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता