दिल्ली की मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया

Ads

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 04:31 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में इस महीने के अंत में होने वाली राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के लिए मंगलवार को आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया।

चैंपियनशिप 27 जुलाई से दो अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रमंडल के 25 देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

शुभंकर अनावरण समारोह में दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ के अध्यक्ष विवेक कोहली और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच और अन्य अतिथि भी उपस्थित थे।

गुप्ता ने कहा कि 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया।

उन्होंने कहा, “हमारे राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित यह शुभंकर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऊर्जा और विविधता का सजीव प्रतीक है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 जुलाई से दो अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में 25 से अधिक देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक दिल्लीवासी के लिए गर्व का अवसर है और पूरी दुनिया दिल्ली की खेल भावना, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और आत्मीय मेजबानी की साक्षी बनेगी।

सूद ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत के केंद्र में ला खड़ा करेगा और शहर के लिए एक बहुत बड़ी यात्रा की शुरुआत का प्रतीक होगा।

मंत्री ने कहा,‘‘मयूर’ आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प, खेल कौशल और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि मोर भारतीय परंपरा में गर्व, ऊर्जा और सुंदरता का प्रतीक है।’

सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री गुप्ता के मार्गदर्शन में, दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी को भविष्य में राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों, विश्व चैंपियनशिप और अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार कर रही है।

दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ विकसित कर रही है। इन केंद्रों में तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस जैसी खेल विधाओं को शामिल किया गया है। ये केंद्र केवल प्रशिक्षण सुविधाओं के रूप में ही नहीं, बल्कि दिल्ली के भविष्य के खेल चैंपियनों को तैयार करने के लिए प्रतिभाओं की मजबूत आधारशिला के रूप में भी काम करेंगे।

सूद ने कहा कि सरकार एक ऐसा माहौल बना रही है जहां खिलाड़ी बनने के इच्छुक हर बच्चे को विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, खेल विज्ञान और उन्नत प्रशिक्षण सुविधाओं तक पहुंच प्राप्त होगी।

भाषा नोमान नोमान मोना

मोना