आयुष और प्रणय जीते, लेकिन भारत थॉमस कप फाइनल में चीन 2-3 से हारा

आयुष और प्रणय जीते, लेकिन भारत थॉमस कप फाइनल में चीन 2-3 से हारा

आयुष और प्रणय जीते, लेकिन भारत थॉमस कप फाइनल में चीन 2-3 से हारा
Modified Date: April 29, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: April 29, 2026 8:28 pm IST

होर्सेंस (डेनमार्क), 29 अप्रैल (भाषा) आयुष शेट्टी और एच एस प्रणय ने बुधवार को यहां जबरदस्त वापसी करते हुए जीत दर्ज की लेकिन भारत थॉमस कप फाइनल के अंतिम ग्रुप ए मुकाबले में चीन से 2-3 से हार गया।

2022 के चैंपियन भारत ने पहले ही क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। लेकिन लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की युगल जोड़ी के करीबी मुकाबले में हारने से भारत बैकफुट पर आ गया था जिससे चीन को 2-0 से बढ़त मिल गई थी।

दबाव भरे हालात में आयुष ने शानदार प्रदर्शन किया और एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए वेंग होंग यांग को दूसरे एकल में 17-21, 21-13, 21-15 से हराकर अंतर कम किया।

दूसरे युगल मैच में हरिहरन अमसकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को ही जी टिंग और रेन जियांग यू से 17-21, 13-21 से हार मिली जिससे चीन ने 3-1 की अजेय बढ़त बना ली।

इसके बाद प्रणय ने तीसरे एकल में एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए लू गुआंग जू को 20-22, 21-19, 21-11 से हराया और हार के अंतर को और कम किया।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य को दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शि फेंग से कड़ा संघर्ष करने के बावजूद तीन गेम तक चले मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी।

लक्ष्य ने पिछले महीने ‘ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप’ में ली को हराया था। वह बुधवार को निर्णायक गेम में उसी फॉर्म को दोहरा नहीं पाए और 19-21, 21-8, 12-21 से पराजित हो गए।

भारत को सात्विक और चिराग की दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी से मुकाबले को बराबर करने की उम्मीद थी। लेकिन पांच मैच प्वाइंट बचाने के बावजूद यह जोड़ी मौकों को भुनाने में नाकाम रही और आखिरकार पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वांग चांग से 13-21, 21-13, 24-26 से हार गई।

इस हार के बाद भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा और क्वार्टरफाइनल में उसका मुकाबला 2014 के विजेता जापान से होने की संभावना है। जापान ग्रुप बी में शीर्ष पर रहा।

आयुष पहले गेम में 17-17 की बराबरी पर थे लेकिन इसके बाद वेंग आगे निकल गए और भारतीय खिलाड़ी के नेट पर शॉट लगाने से इसे जीतने में सफल रहे।

पर दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने आक्रामक अंदाज में वापसी की। उन्होंने तेजी से 7-1 की बढ़त बनाई और लगातार स्मैश लगाते हुए इसे 14-7 तक पहुंचा दिया। उन्होंने एक जोरदार क्रॉस कोर्ट शॉट के साथ सात गेम प्वाइंट हासिल किए और नेट शॉट से गेम जीत लिया।

अब निर्णायक गेम में आयुष 8-4 से आगे थे। उन्होंने बेहतर अंदाजा लगाया और पूरे कोर्ट को कवर करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने रैलियों को जारी रखने के लिए डाइव भी लगाई। पर वेंग ने वापसी करते हुए स्कोर 9-8 और फिर 10-10 तक पहुंचा दिया। लेकिन बैकलाइन पर लगाए गए एक बेहतरीन शॉट ने आयुष को ब्रेक तक बढ़त दिला दी।

आयुष ने प्रतिद्वंद्वी को बखूबी समझते हुए 17-13 के स्कोर तक पहुंच गए और फिर बड़े ही शानदार अंदाज में मैच को अपने नाम कर लिया। उन्होंने शानदार रिटर्न के साथ पांच मैच प्वाइंट हासिल किए। आखिरकार वेंग का स्मैश कोर्ट से बाहर चला गया और आयुष ने एक जबरदस्त वापसी करते हुए भारत की उम्मीदों को जीवंत रखा।

आयुष ने कहा, ‘‘यह मेरा पहला थॉमस कप है। लक्ष्य जीत दर्ज करने का था। दुर्भाग्य से हमने पहले दो करीबी मैच गंवा दिए। लेकिन टीम को अंक दिलाकर खुश हूं। ’’

लक्ष्य पहले गेम में 3-6 से पीछे चल रहे थे, उन्होंने क्रॉस कोर्ट स्लाइस और तेज स्मैश के बाद ली के शॉट के बाहर जाने से वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार स्मैश लगे जिसके बाद ली ने 10-8 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक बढ़त बनाए रखी।

ब्रेक के बाद लक्ष्य ने 14-13 से आगे निकल गए। लेकिन मुकाबला बेहद कड़ा हो गया और दोनों खिलाड़ी 19-19 पर बराबरी पर आ गए। इसके बाद ली ने लगातार दो निर्णायक अंक हासिल करते हुए पहला गेम जीत लिया।

दूसरा गेम पूरी तरह से एकतरफा रहा। ली की तरफ से हुई कई गलतियों का फायदा उठाते हुए लक्ष्य तेजी से 5-0 और फिर 11-2 से आगे निकल गए। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दबाव बनाए रखा और मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक खींच ले गए।

तीसरे गेम में लक्ष्य 1-4 से पिछड़ रहे थे लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर लिया। हालांकि ब्रेक के समय तक ली ने लक्ष्य की गलतियों से बढ़त बना ली थी।

लक्ष्य ने 10-12 के स्कोर पर एक सटीक क्रॉस कोर्ट रिटर्न के साथ एक लंबी रैली जीतकर ली के लिए चुनौती पेश की। लेकिन उनके स्मैश में बार-बार हुई गलतियों ने ली को फिर से मैच पर नियंत्रण बनाने का मौका दे दिया।

चीन के खिलाड़ी ने अपनी बढ़त को 17-12 तक बढ़ा दिया और जल्द ही आठ मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। उन्होंने एक शानदार क्रॉस कोर्ट स्मैश लगाकर जीत दर्ज की।

प्रणय शुरुआती गेम में ज्यादातर समय नियंत्रण बनाए थे लेकिन अचानक हुई एक चूक की वजह से उन्होंने चार गेम प्वाइंट गंवा दिए जिसका फायदा उठाकर लू गुआंग जू ने गेम जीत लिया।

भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में पूरा जोर लगा दिया और ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और स्कोर 19-19 हो गया।

प्रणय ने नेट कॉर्ड से मिले एक गेम प्वाइंट को शानदार डिफेंसिव रिटर्न के साथ भुनाया और मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

आख़िरी गेम में प्रणय 4-0 से आगे निकल गए, लेकिन लू ने फिर से वापसी करते हुए स्कोर 6-6 पर ला दिया। भारतीय खिलाड़ी ने फिर नियंत्रण बनाते हुए ब्रेक तक तीन प्वाइंट की बढ़त बना ली। इसके बाद वह रैलियों पर हावी रहे और 15-8 की बड़ी बढ़त बना ली।

दबाव में आकर लू लड़खड़ा गए और लगातार गलतियां करने लगे। प्रणय को एक के बाद एक कई मैच प्वाइंट मिले और चीनी खिलाड़ी के बाहर गए शॉट से आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में