बीसीसीआई ने अंडर-19 विश्व कप जीत पर खिलाड़ियों के साथ कोच कानिटकर और लक्ष्मण की सराहना की
बीसीसीआई ने अंडर-19 विश्व कप जीत पर खिलाड़ियों के साथ कोच कानिटकर और लक्ष्मण की सराहना की
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रन के बड़े अंतर से हराकर आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम को बधाई दी है। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।
भारत ने एक दुर्लभ ‘डबल’ भी पूरा किया है, क्योंकि इस समय भारत के पास आईसीसी अंडर-19 पुरुष और महिला दोनों विश्व कप खिताब हैं।
आयुष म्हात्रे की सधी हुई कप्तानी में भारत का अजेय अभियान निरंतरता, जुझारूपन और कई यादगार व्यक्तिगत प्रदर्शनों से भरा रहा।
टूर्नामेंट के दौरान कई युवा खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताऊ योगदान दिए। फाइनल में किशोर सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों पर विस्फोटक 175 रन की पारी के साथ इतिहास रच दिया। यह अंडर-19 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में 150 से अधिक का पहला स्कोर था। वैभव का यह प्रदर्शन टूर्नामेंट के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रयासों में गिना जाएगा।
बीसीसीआई ने यहां जारी विज्ञप्ति में मुख्य कोच ऋषिकेश कानिटकर और उनके सहयोगी स्टाफ के मार्गदर्शन की भी सराहना की। बीसीसीआई ने बोर्ड के ‘उत्कृष्टता केंद्र (सीओई)’ के क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के योगदान को भी विशेष रूप से उल्लेख किया, जिनकी देख रेख ने खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों के लिए तैयार किया।
टीम को बधाई देते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, ‘‘छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीतना एक असाधारण उपलब्धि है और यह आयु-वर्ग क्रिकेट में भारत की ताकत को दर्शाता है। इस टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला दोनों अंडर-19 विश्व कप खिताब अपने नाम करना हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है।’’
बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ‘‘हरारे में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि मजबूत खिलाड़ी विकास प्रणाली, प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचे, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और प्रभावी प्रतिभा पहचान प्रक्रिया का परिणाम है। आयु-वर्ग क्रिकेट हमारी प्राथमिकता रहेगा और हम भविष्य के लिए इन नींव को और मजबूत करते रहेंगे।’’
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘आयु-वर्ग क्रिकेट में भारत का वर्चस्व संयोग नहीं है। यह निरंतर योजना, सशक्त प्रशासन और युवा प्रतिभाओं को निखारने पर लगातार ध्यान का नतीजा है। यह छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब भारतीय क्रिकेट और देश के लिए गर्व का क्षण है।’’
संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया ने कहा, ‘‘इस टीम की सफलता खिलाड़ियों, कोच, चयनकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। बीसीसीआई का समग्र विकास और पर्याप्त प्रतिस्पर्धी अवसरों पर जोर लगातार सकारात्मक नतीजे दे रहा है।’’
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


