भारतीय सरजमीं पर होने वाले मैचों के मुख्य प्रायोजक के लिए बीसीसीआई ने जारी की निविदा

Ads

भारतीय सरजमीं पर होने वाले मैचों के मुख्य प्रायोजक के लिए बीसीसीआई ने जारी की निविदा

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:25 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को अपने घरेलू टूर्नामेंटों और भारत में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के मुख्य प्रायोजन अधिकारों के लिए निविदाएं आमंत्रित की है।

मौजूदा मुख्य प्रायोजक ‘आईडीएफसी फर्स्ट बैंक’ के साथ करार की अवधि समाप्ति के करीब है।

बीसीसीआई ने निविदा आमंत्रण (आईटीटी) जारी करते हुए इच्छुक संस्थाओं को प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में भाग लेने का न्योता दिया है।

आईटीटी दस्तावेज एक लाख रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) के गैर-वापसी योग्य शुल्क के भुगतान पर उपलब्ध होगा। इच्छुक पक्ष चार अगस्त तक यह दस्तावेज खरीद सकते हैं, जबकि स्पष्टीकरण मांगने की अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित की गई है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बोली संबंधी दस्तावेज 13 अगस्त तक जमा कराने होंगे।

बोर्ड ने स्पष्ट किया कि पात्रता मानदंड और बोली प्रक्रिया की शर्तों वाला निविदा दस्तावेज शुल्क के भुगतान की पुष्टि के बाद ही उपलब्ध कराया जाएगा।

बीसीसीआई ने यह भी कहा कि केवल आईटीटी खरीद लेने से किसी संस्था को बोली प्रक्रिया में भाग लेने का स्वतः अधिकार नहीं मिल जाएगा। इसमें केवल वे ही संस्थाएं बोली दाखिल कर सकेंगी जो निविदा में निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करेंगी।

सफल बोलीदाता को बीसीसीआई के सभी घरेलू और भारत में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के मुख्य प्रायोजन अधिकार मिलेंगे। इसमें भारतीय पुरुष और महिला टीमों के घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, ईरानी कप तथा विभिन्न आयु वर्ग की घरेलू प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।

बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि वह बिना कोई कारण बताए किसी भी चरण में निविदा प्रक्रिया को रद्द करने या उसमें संशोधन करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

भाषा आनन्द

आनन्द