बुमराह हो या कमिंस , किसी के रसूख से नहीं डरता सूर्यवंशी : जुरेल
बुमराह हो या कमिंस , किसी के रसूख से नहीं डरता सूर्यवंशी : जुरेल
मुल्लांपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपने साथी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी वह विरोधी गेंदबाज की ख्याति से भयभीत नहीं होता ।
पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल में जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक सभी की बखिया उधेड़ी है । मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और कैगिसो रबाडा की गेंदों पर भी उन्होंने खूब रन बनाये हैं ।
बुधवार को उन्होंने कमिंस को लगातार तीन छक्के लगाये । सूर्यवंशी के 29 गेंद में 97 रन की मदद से रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई ।
जुरेल ने कहा ,‘‘ वैभव के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह कुछ योजना बनाकर नहीं खेलता क्योंकि वह बहुत अभ्यास करता है और उसे खुद पर भरोसा है । उसे खुद पर एक पल को भी संदेह नहीं होता कि वह ऐसा नहीं कर सकेगा ।’’
इस सत्र में छह अर्धशतक जमा चुके जुरेल ने कहा ,‘‘ जब हम अकादमी में जाते हैं तो हमसे कहा जाता है कि गेंदबाज को नहीं , गेंद को देखो । 17 बरस की उम्र में हम हमेशा गेंदबाज को देखते हैं कि यह इतना बड़ा गेंदबाज है लेकिन वैभव सिर्फ गेंद को देखता है । वह किसी गेंदबाज की परवाह नहीं करता ।’’
सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रेंकलिन ने कहा ,‘‘ समझ में नहीं आता कि उसे कहां गेंद डाली जाये । हमने उसे फुल लैंग्थ, लेग स्टम्प के भीतर, स्विंग हर गेंद डालकर देखा लेकिन उसने आसानी से खेल ली । पिच भी बल्लेबाजों की मददगार थी ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने इस तरह की प्रतिभा कभी नहीं देखी । अभी उसके कैरियर के 25 साल बाकी है और वह बेहतर ही होता जायेगा ।’’
भाषा मोना
मोना

Facebook


