बेंगलुरु एफसी ने भारत के पूर्व मुख्य कोच सावियो मेडेइरा को युवा विकास प्रमुख नियुक्त किया
बेंगलुरु एफसी ने भारत के पूर्व मुख्य कोच सावियो मेडेइरा को युवा विकास प्रमुख नियुक्त किया
बेंगलुरु, एक अप्रैल (भाषा) इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम बेंगलुरु एफसी ने बुधवार को भारतीय सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम के पूर्व मुख्य कोच सावियो मेडेइरा को क्लब का युवा विकास प्रमुख नियुक्त किया।
मेडेइरा की नियुक्ति टीम के उस प्रयास का हिस्सा है जिसका लक्ष्य खिलाड़ियों के लिए जमीनी स्तर से लेकर सीनियर टीम तक पहुंचने का रास्ता मजबूत करना है।
मेडेइरा को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में कोचिंग, तकनीकी विकास और कोच शिक्षा के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव है।
मेडेइरा ने अतीत में भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम में कई भूमिकाए निभाई हैं जिसमें मुख्य कोच और सहायक कोच के तौर पर काम करना भी शामिल है। वह सहायक स्टाफ की उस टीम का हिस्सा थे जिसके मार्गदर्शन में भारत ने सैफ चैंपियनशिप (2011), नेहरू कप और एएफसी चैलेंज कप जीता था।
क्लब स्तर पर सलगांवकर स्पोर्ट्स क्लब के साथ मेडेइरा ने सफल दौर बिताया। उन्होंने टीम को गोवा पेशेवर लीग में कई खिताब (2002–2005) जिताए और राष्ट्रीय लीग में उपविजेता बनाया। उन्हें डूरंड कप (2003) में ‘सर्वश्रेष्ठ कोच’ भी चुना गया था।
उन्होंने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ में कोच शिक्षा प्रमुख कार्यवाहक तकनीकी निदेशक की भूमिका भी निभाई। वह एएफसी कोच शिक्षा पैनल के सदस्य भी रहे।
मेडेइरा अभी फीफा में तकनीकी विशेषज्ञ के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने स्पोर्टिंग क्लब डि गोवा में तकनीकी निदेशक का पद भी संभाला था।
मेडेइरा ने कहा, ‘‘बेंगलुरु एफसी ने खिलाड़ियों के लिए यह रास्ता बनाने में शानदार काम किया है। इसका पूरा श्रेय उन सभी कोच और लोगों को जाता है जिन्होंने इसे मुमकिन बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। जब मैं अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और रिजर्व टीम के मौजूदा स्तर को देखता हूं तो मुझे उनका विकास पूरी तरह से स्वाभाविक लगता है। असल में युवा विकास का असली मतलब भी यही होता है।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


