भांबरी . दक्षिणेश्वर ने युगल मुकाबला जीतकर भारत को बढत दिलाई

Ads

भांबरी . दक्षिणेश्वर ने युगल मुकाबला जीतकर भारत को बढत दिलाई

  •  
  • Publish Date - February 8, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - February 8, 2026 / 05:59 PM IST

(अमनप्रीत सिंह)

(तस्वीरों के साथ )

बेंगलुरू, आठ फरवरी (भाषा) युकी भांबरी और दक्षिणेश्वर सुरेश ने मैराथन युगल मुकाबले में डेविड पेल और सैंडर एरेंड्स को 7 . 6, 3 . 6, 7 . 6 से हराकर भारत को नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर पहले दौर के मुकाबले में रविवार को 2 . 1 से बढत दिला दी ।

तीन घंटे तक चले बराबरी के मुकाबले में एन श्रीराम बालाजी की जगह दक्षिणेश्वर को उतारने का भारतीय कप्तान रोहित राजपाल का फैसला सटीक साबित हुआ ।

दोनों टीमों के लिये यह अहम मुकाबला था क्योंकि कल स्कोर 1 . 1 से बराबर था ।

भाम्बरी की सर्विस पर लगातार दबाव था खासकर सातवें गेम में जब उनकी पहली सर्विस कमजोर पड़ गई थी । जब स्कोर 30.30 से बराबर था तब एक ‘डबल फॉल्ट’ से नीदरलैंड को ब्रेक प्वाइंट मिला लेकिन भाम्बरी ने सटीक रिटर्न से जवाब देकर खतरे को टाल दिया।

इसके बाद दक्षिणेश्वर बैकहैंड वॉली पर गेम प्वाइंट बनाने से चूक गए और एरेंड्स के स्मैश से डच टीम को फिर बढत बनाने का मौका मिला ।

इस खतरे को भी भारतीय जोड़ी ने टाल दिया । इसके बाद लंबी रिटर्न पर एरेंड्स से चूक गई और यह लंबा गेम खत्म हुआ ।

अगले गेम में भारत को पहला ब्रेक प्वाइंट बनाने का मौका मिला लेकिन डच जोड़ी ने बचाव कर लिया । भारतीय जोड़ी को पांच ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने एक भी भुनाने नहीं दिया ।

सेट टाइब्रेकर में खिंचने के बाद भांबरी और दक्षिणेश्वर ने 4 . 0 की बढत बना ली और एक भी अंक गंवाये बिना इसे खत्म किया ।

दूसरे सेट में हालांकि डच टीम भारी पड़ी । पेल ने तीसरे गेम में दो ‘डबल फॉल्ट’ किये लेकिन भारतीय जोड़ी इसका फायदा नहीं उठा सकी । वहीं भांबरी के ‘डबल फॉल्ट’ पर नीदरलैंड ने अहम मौका बनाया जिसे एरेंड्स ने रिटर्न विनर लगाकर 4 . 2 की बढत बना ली । पेल ने सर्विस बरकरार रखते हुए दूसरा सेट झोली में डाला ।

तीसरे सेट में भारतीय जोड़ी ने खासकर दक्षिणेश्वर ने दबाव के क्षणों में संयम बनाये रखकर खेला और जीत दर्ज की ।

अब उलट एकल में सुमित नागल का सामना जेस्पर डि जोंग से और दक्षिणेश्वर की टक्कर गाय डेन ओडेन से होगी ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर