दुबई, पांच सितंबर (भाषा) कप्तान हरमनप्रीत कौर इस बात से बेहद खुश हैं कि भारत ने महिला एशिया कप टी20 के ग्रुप चरण के मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती और शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से आसान जीत दर्ज की।
श्री चरणी, प्रेमा रावत, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा की स्पिन चौकड़ी ने पाकिस्तान को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में उसके अब तक के सबसे कम स्कोर 55 रन पर समेट दिया। भारत ने इसके बाद महज 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
हरमनप्रीत ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मुकाबला था। हम आक्रामक रवैया अपनाने की बात करते हैं, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। सभी गेंदबाज शानदार रहे। उन्होंने योजनाओं पर अमल किया, पिच को अच्छी तरह पढ़ा और उसी के अनुसार गेंदबाजी की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपने स्तर को ऊंचा रखना बहुत जरूरी है। मुझे पता है कि यह टीम क्या कर सकती है। जहां तक तीन विकेट गंवाने की बात है, तो ऐसा हो सकता है। पाकिस्तान के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है।’’
पाकिस्तान के खिलाफ हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान अपना 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और पुरुष एवं महिला क्रिकेट में इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आभारी हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां तक पहुंचूंगी। (प्रशंसकों से) इसी तरह समर्थन करते रहिए। उम्मीद है कि मैं आगे भी अच्छा काम जारी रखूंगी।’’
भारत की महिला टीम ने अब तक 228 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें हरमनप्रीत 205 मुकाबलों का हिस्सा रही हैं।
चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लेने वाली युवा स्पिनर श्री चरणी ने अपनी सफलता का श्रेय गेंदबाजी कोच की सलाह को दिया।
चरणी ने कहा, ‘‘मैं बस अपनी मजबूती के हिसाब से और क्षेत्ररक्षण के मुताबिक गेंदबाजी करना चाहती थी। मैं गेंद पर ज्यादा रेव्स डालने की कोशिश करती हूं।’’
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 50 विकेट के आंकड़े से एक विकेट दूर चरणी ने कहा कि वह इस उपलब्धि को लेकर ज्यादा उत्साहित होकर रुकने वाली नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सामान्य बात है। मैं अपना अच्छा काम जारी रखना चाहती हूं।’’
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अपनी टीम के खराब प्रदर्शन के बावजूद कहा कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत नहीं था, क्योंकि उनकी टीम के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पारी में पूरी तरह पतन हो गया। विकेट नई थी और हम अधिक से अधिक रन बनाना चाहते थे, क्योंकि हमारी गेंदबाजी अच्छी है।’’
फातिमा पाकिस्तान की एकमात्र गेंदबाज रहीं, जिन्होंने प्रभाव छोड़ा और भारत के तीन विकेट जल्दी चटकाए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे तीन विकेट लेने से कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अपने आखिरी मुकाबले में अच्छी क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।’’
भाषा आनन्द
आनन्द