रायपुर, 10 मई (भाषा) तिलक वर्मा (57 रन) के अर्धशतक के बावजूद मुंबई इंडियंस की टीम रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (23 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 166 रन ही बना सकी।
पिच पर काफी दरारें थी और तेज गेंदबाजों के लिए असमान उछाल मौजूद था। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए चार ओवर में 23 रन देकर चार विकेट झटके जिसमें तीन विकेटों का एक शानदार स्पैल भी शामिल था जिससे आरसीबी ने मुंबई इंडियंस पर शुरू से ही दबदबा बना दिया।
भुवनेश्वर ने रेयान रिकलटन (02), रोहित शर्मा (22) और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव (शून्य) को आउट करके मुंबई इंडियंस के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया जिससे उसका स्कोर तीन विकेट पर 28 रन हो गया।
लेकिन तिलक (42 गेंद में तीन चौके और दो छक्के) और नमन धीर (47 रन) ने चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी करके टीम को संभाला और सम्मानजनक स्कोर की ओर बढ़ाया। पिच पर बल्लेबाजों को रन जुटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।
तिलक को सुयश शर्मा ने छठे ओवर में जीवनदान दिया जब वह नौ रन पर थे। अगर वह आउट हो जाते तो टीम पूरी तरह से बिखर सकती थी।
रसिक सलाम की एक धीमी गेंद पर तिलक के गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर मिडविकेट पर खड़े सुयश की ओर चली गई, जहां गेंद उनके हाथों से फिसल गई और कैच छूट गया।
तिलक और नमन दोनों ने चौथे विकेट की साझेदारी के दौरान काफी संयम दिखाया। उन्होंने समझदारी से स्ट्राइक रोटेट की।
लेकिन तिलक एक क्रॉस-सीम गेंद पर आउट हो गए, वहीं नमन ने पांच चौके और दो छक्के लगाकर 32 गेंद में 47 रन बनाए।
इससे पहले भुवनेश्वर ने शुरुआती ओवरों में ही तीन विकेट लेकर आरसीबी को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यह छठा मौका था जब 36 साल के इस खिलाड़ी ने इस आईपीएल में तीन विकेट लिए थे।
भुवनेश्वर ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर ही शानदार फॉर्म में चल रहे रिकलटन को आउट कर दिया जिसने गेंद को हवा में उठाकर मारने की कोशिश की। लेकिन गेंद सीधे मिड-ऑफ पर खड़े आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के हाथों में चली गई।
अगले ओवर में जोश हेजलवुड की गेंद पर एक चौका लगाने के बाद रोहित शर्मा (22) ने लगातार दो छक्के जड़कर अपनी पारी की शुरुआत की।
पर तीसरे ओवर में शॉर्ट थर्ड-मैन की तरफ एक चौका लगने के बावजूद भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी फिर देखने को मिली। भुवनेश्वर ने ऑफ-स्टंप के बाहर एक धीमी गति वाली ‘नकल बॉल’ डाली जिसे मारने के लिए रोहित ने बल्ला बढ़ाया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पीछे की तरफ चली गई।
सूर्यकुमार के लिए यह आईपीएल सत्र बेहद निराशाजनक रहा है और उन्हें एक और असफलता का सामना करना पड़ा। उन्होंने ऑफ-स्टंप के बाहर आती हुई एक तेज और मुश्किल गेंद को जोर से मारने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीधे विराट कोहली के हाथों में चली गई।
विराट ने शानदार कैच लपककर मुंबई इंडियंस को मुश्किल में डाल दिया और खुशी से झूम उठे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द