लुसाने, 18 सितंबर (भाषा ) भारतीय महिला हॉकी गोलकीपर बिछू देवी खारीबम और पाकिस्तान के स्ट्राइकर अब्दुल रहमान ने हाल ही में नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए एफआईएच विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन के लिये ‘पोलिग्रास मैजिक स्किल ’ पुरस्कार जीते ।
विजेताओं का चयन प्रशंसकों के वोट के आधार पर किया गया । विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के पलों के आधार पर नामांकन तय किये गए थे । यह पुरस्कार एफआईएच के वैश्विक सप्लायर पोलिटेन द्वारा दिया जाता है ।
इसमें पुरूष और महिला वर्ग में तीन तीन दावेदार थे ।
बिछू को इंग्लैंड के खिलाफ पूल चरण के मैच में आखिरी तीस सेकंड में शानदार तरीके से गोल बचाने के लिये यह पुरस्कार दिया गया । यह मैच ड्रॉ रहा और इसके आधार पर भारत ने दूसरे दौर में प्रवेश किया । भारतीय टीम विश्व कप में पांचवें स्थान पर रही जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था ।
बिछू को 52 प्रतिशत वोट मिले ।
पुरूष वर्ग में पाकिस्तान के रहमान को उसके शानदार 3डी कौशल के लिये यह पुरस्कार मिला जिन्होंने वेल्स के खिलाफ चार डिफेंडरों के बीच से गेंद को निकालकर गोल किया था ।
रहमान को 44 प्रतिशत वोट मिले । दक्षिण कोरिया के केंटोन मेलविले को 39 प्रतिशत वोट मिले ।
भाषा
मोना
मोना