मंत्रालय में शिकायत करने पर विचार कर रहे नौकाचालक

मंत्रालय में शिकायत करने पर विचार कर रहे नौकाचालक

मंत्रालय में शिकायत करने पर विचार कर रहे नौकाचालक
Modified Date: September 23, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: September 23, 2026 7:57 pm IST

नागोया, 23 सितंबर (भाषा) भारत की एशियाई खेलों की नौकायन (रोइंग) टीम में आखिरी समय में क्रू सदस्यों में किए गए बदलावों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और कुछ खिलाड़ी खेल मंत्री के सामने अपनी बात रखने पर विचार कर रहे हैं जबकि राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष ने एक पूर्व कोच पर उन्हें ‘प्रभावित’ करने का आरोप लगाया है।

बुधवार को रोइंग प्रतियोगिताएं शुरू होने के बावजूद कम से कम दो नौकाचालकों ने कहा कि कुछ खिलाड़ी दल के भारत लौटने पर खेल मंत्री से शिकायत करने पर विचार कर रहे हैं।

एक नौकाचालक ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘‘हमारे संयोजनों में अंतिम समय में बदलाव किए गए और इससे हमारे प्रदर्शन पर असर पड़ा है। अचानक, प्रतियोगिता शुरू होने से ठीक पहले आप किसी अलग नौकाचालक को रोइंग के लिए लगा देते हैं तो आप उसके साथ तालमेल कैसे बिठाएंगे? परिणाम कुछ भी हो सकता है, मसलन पेयर्स या फोर्स में, जहां आपको तालमेल और लय आदि की जरूरत होती है।

इस खिलाड़ी ने आगे कहा, ‘‘हां, हम बेबस थे, हमें मुकाबला करना ही था। लेकिन हमें उस तरह से मुकाबला करने के लिए मजबूर किया गया जैसा कोच और महासंघ चाहते थे। हम खेलों के बाद खेल मंत्रालय में इस बारे में शिकायत करने की योजना बना रहे हैं।’’

यह विवाद भारतीय टीम की पांच महिला नौकाचालक को प्रभावित नहीं करता। यह बदलाव केवल प्रतियोगिता में शामिल 17 पुरुष टीम के साथ हुआ।

हालांकि भारतीय नौकायन महासंघ (आरएफआइ्र) के अध्यक्ष बालाजी मरदापा ने कहा कि मामला सुलझ गया है, लेकिन उन्होंने एक अज्ञात पूर्व कोच पर खिलाड़ियों को भड़काने का आरोप लगाया जो टीम के साथ यहां नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इनमें से अधिकांश खिलाड़ी युवा हैं और 20 से अधिक वर्षों से रोइंग से जुड़ा हुआ एक पूर्व कोच उन्हें प्रभावित कर रहा है। मैंने खिलाड़ियों से कहा है कि यहां से 10,000 किलोमीटर से अधिक दूर बैठे व्यक्ति से प्रभावित नहीं हों।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मामला अब सुलझ गया है। उन्होंने आज प्रतिस्पर्धा की और कल भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में