विशाखापत्तनम, 23 अगस्त (भाषा) ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) देशों के खेल मंत्रियों ने रविवार को भारत की अध्यक्षता में हुई बैठक में ‘स्पोर्ट ज्वाइंट डिक्लेरेशन’ (खेल संबंधी संयुक्त घोषणा) को अपनाया जिसमें सदस्य देशों ने संवाद, आपसी सम्मान और समावेशिता के जरिए खेलों में सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ब्रिक्स देशों के बीच खेल साझेदारी विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘यह साझेदारी केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के आदान-प्रदान, संयुक्त प्रतियोगिताओं तथा खेल विज्ञान से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए ठोस मंच तैयार किए जाने चाहिए।’’
मांडविया ने कहा, “हमें ऐसी ब्रिक्स खेल साझेदारी बनानी चाहिए, जो घोषणाओं से आगे बढ़कर खेल सहयोग के लिए ठोस मंच तैयार करे। इसमें खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का आदान-प्रदान, संयुक्त प्रतियोगिताएं और खेल विज्ञान से जुड़ी जानकारी साझा करना शामिल हो सकता है।”
उन्होंने कहा कि भारत अपने खेल तंत्र में व्यापक बदलाव ला रहा है। मांडविया ने वैश्विक कंपनियों और निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा, “हम वैश्विक निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों और निवेशकों को ‘मेक इन इंडिया, प्ले इन इंडिया और ग्रो विद इंडिया (भारत में निर्माण और भारत के साथ विकास) के लिए आमंत्रित करते हैं।”
खेल मंत्री ने खेलों को अधिक समावेशी बनाने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने के लिए नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में खेलों में सहयोग बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख पहलों को आगे बढ़ाया गया। इनमें ब्रिक्स खेल प्रौद्योगिकी कार्यसमूह, ब्रिक्स खेल विनिर्माण सम्मेलन तथा ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी खेल प्रदर्शन प्रतियोगिता-2026 शामिल हैं।
उदयपुर को ब्रिक्स खेल विनिर्माण सम्मेलन के पहले सत्र की मेजबानी के लिए समर्थन मिला।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘सम्मेलन में बेहतर कार्यप्रणालियों, प्रौद्योगिकी और नवाचार, गुणवत्ता मानकों, ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार तथा मजबूत आपूर्ति शृंखला के संबंध में अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा।’’
इसमें निर्माता, निर्यातक, निवेशक, प्रौद्योगिकी प्रदाता, छोटे एवं मध्यम उद्यम, नवोदित कंपनियां और शोध संस्थान शामिल होंगे।
ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी खेल प्रदर्शन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 12 और 13 अक्टूबर को अहमदाबाद में कराने का प्रस्ताव रखा गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया, “यह गैर-प्रतिस्पर्धी और सांस्कृतिक पहल होगी, जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान, लोगों के बीच संपर्क और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।”
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण के तहत आयोजित ब्रिक्स मैत्री साइकिल यात्रा में भी हिस्सा लिया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता