ब्रोबे और गाकपो के दो-दो गोल से नीदरलैंड की स्वीडन पर बड़ी जीत

ब्रोबे और गाकपो के दो-दो गोल से नीदरलैंड की स्वीडन पर बड़ी जीत

ब्रोबे और गाकपो के दो-दो गोल से नीदरलैंड की स्वीडन पर बड़ी जीत
Modified Date: June 21, 2026 / 09:07 am IST
Published Date: June 21, 2026 9:07 am IST

ह्यूस्टन, 21 जून (एपी) ब्रायन ब्रोबे और कोडी गाकपो ने दो-दो गोल करके नीदरलैंड को स्वीडन के खिलाफ 5-1 से बड़ी जीत दिलाकर विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप एफ में शीर्ष पर पहुंचा दिया।

ब्रोबे ने पांचवें और 17वें मिनट में गोल करके नीदरलैंड को शानदार शुरुआत दिलाई। गाकपो ने दूसरे हाफ के शुरू में 47वें और 54वें मिनट में गोल किए। उसकी तरफ से पांचवां गोल क्रिसेनसियो समरविले ने 89वें मिनट में किया। स्वीडन की तरफ से एकमात्र गोल एंथनी एलंगा ने 59वें मिनट में किया।

नीदरलैंड ने अपना पहला मैच जापान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला था और उसे बड़ी जीत की जरूरत थी।

स्वीडन अपने पहले मैच में ट्यूनीशिया को 5-1 से हराने के बाद अपना शानदार प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख सका। नीदरलैंड से मिली यह हार 1950 में ब्राजील से 7-1 से मिली हार के बाद विश्व कप में उसकी सबसे बड़ी हार थी।

इस जीत के साथ नीदरलैंड चार अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया है। स्वीडन के तीन अंक हैं।

नीदरलैंड के कोच रोनाल्ड कोमैन ने कहा, ‘‘हो सकता है कि हमारे खेलने के तरीके से हमारा आत्मविश्वास बढ़ा हो। चार अंक मिलने से अब हमें थोड़ी राहत मिली है। अब हम इस सिलसिले को आगे बढ़ा सकते हैं।’’

दो गोल करने के अलावा एक गोल करने में मदद करने वाले गाकपो ने कहा, ‘‘आज हमारे आक्रमण में अधिक विविधता थी, खिलाड़ी अलग-अलग पोजीशन पर खेल रहे थे, मूवमेंट अच्छी थी। इसलिए शायद डिफेंडरों के लिए हमें रोकना थोड़ा मुश्किल था और हमें बॉक्स के अंदर खुलकर खेलने का मौका मिला। मुझे लगता है कि पिछले मैच में शायद यही एक कमी रह गई थी।’’

स्वीडन के कोच ग्राहम पॉटर ने कहा कि उनकी टीम को नीदरलैंड के शानदार प्रदर्शन के कारण हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘नीदरलैंड की टीम काफी मजबूत है और इसलिए हम उम्मीद नहीं कर सकते थे कि हमारे लिए सब कुछ आसान होगा। उन्होंने आज बेहतर खेल दिखाया। हमें उन्हें बधाई देनी चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि हम इस मैच से बहुत कुछ सीखेंगे।’’

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में