केप वर्दे ने टूर्नामेंट का पहला गोल किया, उरुग्वे के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला

केप वर्दे ने टूर्नामेंट का पहला गोल किया, उरुग्वे के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला

केप वर्दे ने टूर्नामेंट का पहला गोल किया, उरुग्वे के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला
Modified Date: June 22, 2026 / 08:35 am IST
Published Date: June 22, 2026 8:35 am IST

मियामी गार्डन्स (फ्लोरिडा), 22 जून (एपी) अपने पहले मैच में खिताब की प्रबल दावेदार स्पेन को चौंकाने वाले केप वर्दे ने अपना जादूई प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां दो बार के विश्व कप चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ भी यही कारनामा दोहराया और पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच 2-2 से ड्रॉ कराया।

केविन पिना ने 21वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके विश्व कप में केप वर्दे का पहला गोल किया जबकि हेलियो वारेला ने 61वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।

मैक्सी अराउजो (44वें) और अगस्टिन कैनोबियो (इंजरी टाइम के छठे मिनट) ने पहले हाफ के आखिर में गोल करके उरुग्वे को बढ़त दिलाई, लेकिन दूसरे हाफ में उसकी टीम मौके मिलने के बावजूद गोल करने में नाकाम रही।

केप वर्दे के पास नॉक आउट चरण में जगह बनाने का सुनहरा मौका है। उसके अब ग्रुप एच में उरुग्वे के बराबर दो अंक हैं और उसे अपना अंतिम मैच सऊदी अरब के खिलाफ खेलना है।

केप वर्दे के कोच पेड्रो लीटाओ ब्रितो ने कहा, ‘‘हम यह साबित करना चाहते हैं कि कोई देश छोटा हो सकता है, आर्थिक रूप से संघर्ष कर सकता है, लेकिन अगर वे जुझारू हैं, अगर वे संघर्ष कर सकते हैं, तो वे अन्य प्रमुख टीमों और उन खिलाड़ियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो सकते हैं जो एक अलग ही स्तर पर हैं।’’

केप वर्दे अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित द्वीपों का एक समूह है जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग 4,000 वर्ग मीटर है। उसकी आबादी लगभग पांच लाख है। इससे केप वर्दे जनसंख्या के हिसाब से विश्व कप में खेलने वाला तीसरा सबसे छोटा देश बन गया।

रविवार के मैच के दौरान मियामी स्टेडियम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उरुग्वे के लिए नारे लगाए, इसके बावजूद केप वर्दे के खिलाड़ी बेफिक्र नजर आए।

केप वर्दे ने अपना पहला मैच स्पेन के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला था। उसने उरुग्वे के खिलाफ भी शानदार शुरुआत की। पिना ने उरुग्वे की रक्षापंक्ति को भेदते हुए 21वें मिनट में डाइव लगाते हुए गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा को छकाया और जोरदार शॉट लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

अराउजो ने बराबरी का गोल किया जबकि कैनोबियो ने उरुग्वे को बढ़त दिलाई। लेकिन दूसरे हाफ में मैदान पर आने के कुछ ही मिनट बाद वारेला ने मैथियास ओलिवेरा के खराब पास का फायदा उठाते हुए मुसलेरा को अपनी डिफेंस लाइन से काफी दूर पाकर बराबरी का गोल दाग दिया।

वारेला ने कहा, ‘‘मैंने इसका सपना देखा था। लेकिन मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि ऐसा होगा। विश्व कप में अपने पदार्पण मैच में ही राष्ट्रीय टीम के लिए अपना पहला गोल करना अविश्वसनीय है। मेरे पास इसको बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।’’

उरुग्वे ने मैच के आखिर में बढ़त हासिल करने के कई मौके गंवाए और उसे सऊदी अरब के खिलाफ पहले मैच में 1-1 से ड्रॉ के बाद दूसरे मैच में भी ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में