कार्लसन के दम पर गत चैंपियन अल्पाइन पाइपर्स ने मुंबई मास्टर्स को हराया, गंगा ग्रैंडमास्टर्स भी जीती
कार्लसन के दम पर गत चैंपियन अल्पाइन पाइपर्स ने मुंबई मास्टर्स को हराया, गंगा ग्रैंडमास्टर्स भी जीती
बेंगलुरु, पांच सितंबर (भाषा) गत चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने शनिवार को यहां ‘ग्लोबल चेस लीग’ के शुरुआती दिन मुंबई मास्टर्स को काले मोहरों से 10-8 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को गंगा ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ 9-10 से हार का सामना करना पड़ा। एक अन्य मुकाबले में अमेरिकन गैम्बिट्स ने पीबीजी अलास्का नाइट्स को 10-4 से शिकस्त दी।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन पिछले साल अनुपस्थित रहने के बाद पाइपर्स की टीम में लौटे। मुंबई मास्टर्स के खिलाफ मुकाबले में सभी की नजरें कार्लसन पर थीं और उन्होंने निराश नहीं किया।
एम प्रणेश ने अनिश गिरी को हराकर मुंबई को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद विदित गुजराती ने शखरियार मामेदयारोव को मात दी और पाइपर्स को मुकाबले में वापस ला दिया।
अनुभवी कोनेरू हम्पी ने कैरिसा यिप को हराकर पाइपर्स को बढ़त दिलाई, लेकिन डी हरिका ने महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को शिकस्त देकर मुंबई मास्टर्स को बराबरी पर ला दिया।
आइकन बोर्ड पर कार्लसन ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ मजबूत खेल दिखाया। उनका मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन यह नतीजा पाइपर्स को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ।
दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स का काले मोहरों से खेलने का दांव गंगा ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ उलटा पड़ गया।
अनुभवी लेवोन अरोनियन ने महज 29 चालों में वेई यी को हराकर गंगा ग्रैंडमास्टर्स को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद पोलिना शुवालोवा और स्तावरोला त्सोलाकिदोउ ने सुपरस्टार महिला बोर्ड पर जीत दर्ज कर टीम की बढ़त मजबूत की। शुवालोवा ने झू जिनेर को 70 चालों में जबकि त्सोलाकिदोउ ने पूर्व विश्व महिला चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को 59 चालों में हराया।
लेइनियर डोमिंग्वेज पेरेज को अरविंद चितंबरम के खिलाफ समय समाप्त होने के कारण हार झेलनी पड़ी।
इसके बाद कॉन्टिनेंटल किंग्स के वी प्रणव ने 40 चालों के बाद गंगा ग्रैंडमास्टर्स के लियोन ल्यूक मेंडोंका को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया और अपनी टीम को महज एक अंक पीछे ला दिया। लेकिन अंततः गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने 10-9 से बाजी मार ली।
कैंडिडेट्स चैंपियन जावोखिर सिंदारोव ने 57 चालों में दिग्गज विश्वनाथन आनंद को हराकर अमेरिकन गैम्बिट्स को पीबीजी अलास्का नाइट्स के खिलाफ शुरुआती बढ़त दिलाई।
अलास्का नाइट्स के ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी के पास काले मोहरों से खेलने के दौरान मौके थे, लेकिन 23 वर्षीय खिलाड़ी निहाल सरीन की मजबूत रक्षा को भेद नहीं सके।
सुपरस्टार पुरुष और महिला वर्ग के बाकी सभी बोर्ड ड्रॉ रहने के बाद पीबीजी अलास्का नाइट्स को जीत के लिए ‘प्रोडिजी बोर्ड’ पर अभिमन्यु मिश्रा की जीत जरूरी थी। लीग में पदार्पण कर रहे मिश्रा को मार्क-आंद्रिया मौरिजी के खिलाफ 81 चालों के बाद हार माननी पड़ी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


