पिकलबॉल विश्व कप: भारत की जूनियर टीम चौथे स्थान पर, ‘किड्स’ टीम ने जीता रजत

पिकलबॉल विश्व कप: भारत की जूनियर टीम चौथे स्थान पर, ‘किड्स’ टीम ने जीता रजत

पिकलबॉल विश्व कप: भारत की जूनियर टीम चौथे स्थान पर, ‘किड्स’ टीम ने जीता रजत
Modified Date: September 5, 2026 / 08:43 pm IST
Published Date: September 5, 2026 8:43 pm IST

मुंबई, पांच सितंबर (भाषा) पिकलबॉल विश्व कप में भारत की जूनियर टीम का अभियान शनिवार को चौथे स्थान के साथ समाप्त हुआ जबकि ‘किड्स टीम’ ने रजत पदक जीता।

ओपन वर्ग में भारत को क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के खिलाफ 2-4 से करीबी हार का सामना करना पड़ा।

अर्जुन सिंह की अगुआई वाली जूनियर टीम में नाओमी अमलसादिवाला, आदित्य सिंह, दिया मत्तिपति, देव शाह, डी.ए. राजू और पूर्वांश पटेल शामिल थे। भारतीय टीम को वियतनाम के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार मिली और उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

‘किड्स’ वर्ग में वीर शाह, माहिका राठौड़, प्रार्थना मोटियानी, कविर मेहता, विरांश चोपड़ा, चारण्या सेल्वनारायण और मानसी कार्तिक की भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जापान को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ हार के बाद भारत को रजत पदक मिला।

ओपन वर्ग में भारत और अमेरिका के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमें एक समय 2-2 से बराबरी पर थीं, लेकिन इसके बाद कैटरीना स्टीवर्ट और रोणन कैमरन ने अपने-अपने एकल मुकाबले जीतकर अमेरिका को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

भारतीय मास्टर्स टीम का अभियान भी क्वार्टर फाइनल में वियतनाम के खिलाफ समाप्त हुआ। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहने के बाद निर्णायक टाई खेला गया, जिसमें वियतनाम ने बाजी मारी।

इस बीच व्यक्तिगत एकल वर्ग में पूर्वांश पटेल और वीर शाह ने शानदार प्रदर्शन किया। पूर्वांश ने अंडर-18 बालक एकल वर्ग में स्वर्ण, जबकि वीर शाह ने अंडर-14 बालक एकल वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में