साल्ट लेक के निरीक्षण के बाद सीबीएफ के प्रतिनिधिमंडल ने तैयारियों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी

साल्ट लेक के निरीक्षण के बाद सीबीएफ के प्रतिनिधिमंडल ने तैयारियों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी

साल्ट लेक के निरीक्षण के बाद सीबीएफ के प्रतिनिधिमंडल ने तैयारियों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी
Modified Date: August 20, 2026 / 10:01 pm IST
Published Date: August 20, 2026 10:01 pm IST

कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यहां साल्ट लेक स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया।

प्रतिनिधिमंडल ने दो घंटे से अधिक समय तक स्टेडियम की सुविधाओं और तैयारियों का जायजा लिया। भारत और ब्राजील के बीच तीन अक्टूबर को होने वाले भारत के अब तक के सबसे बड़े फुटबॉल मुकाबले की तैयारियों के तहत यह निरीक्षण किया गया।

प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई सर्जियो डिमास डी ओलिवेरा ने की जो पुरुष राष्ट्रीय टीम के ‘जनरल सुपरवाइजर’ हैं। प्रतिनिधिमंडल सुबह-सुबह कोलकाता पहुंचा और सबसे पहले मेहमानों के लिए की गई ‘हॉस्पिटैलिटी’ व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद शाम करीब पांच बजे वे साल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों में विनीसियस बारोजो कोस्टा (प्रशासक), जोस विटोर सेनाटोरे डी पाउला लीमा (प्रबंधन और परिचालन मैनेजर), गिलहर्मे पासोस रामोस (फिजियो) और ब्रूनो माजेई रीस (सुरक्षा अधिकारी) शामिल थे।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के फुटबॉल निदेशक और भारत के पूर्व गोलकीपर सुब्रत पॉल भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद थे।

सीबीएफ अधिकारियों ने सबसे पहले ट्रेनिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया और करीब 15 मिनट वहां बिताने के बाद मुख्य स्टेडियम परिसर का जायजा लिया।

पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री डॉ इंद्रनील खान ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘भारतीय फुटबॉल के मक्का में आपका स्वागत है। ’’

बाद में मीडिया से बात करते हुए डॉ खान ने कहा कि सीबीएफ का प्रतिनिधिमंडल स्टेडियम की तैयारियों से काफी संतुष्ट है।

खान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आज हमने उनके साथ बैठक की। हमारी सुविधाओं और तैयारियों को देखने के बाद वे काफी सकारात्मक नजर आए। ’’

भाषा

नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में