ईटीपीएल का मकसद दूसरे खेलों से आगे निकलना नहीं, बल्कि यूरोप में अपनी जगह बनाना है: अभिषेक

ईटीपीएल का मकसद दूसरे खेलों से आगे निकलना नहीं, बल्कि यूरोप में अपनी जगह बनाना है: अभिषेक

ईटीपीएल का मकसद दूसरे खेलों से आगे निकलना नहीं, बल्कि यूरोप में अपनी जगह बनाना है: अभिषेक
Modified Date: August 20, 2026 / 08:45 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:45 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग के सह-मालिक अभिषेक बच्चन ने लीग के पहले सत्र से पहले कहा कि यह लीग दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए फुटबॉल या दूसरे स्थापित खेलों से मुकाबला नहीं करना चाहती, बल्कि महाद्वीप के खेल जगत में अपनी अलग जगह बनाना चाहती है।

यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) की शुरुआत इसी महीने के अंत में होगी। पहले सत्र में लीग का आयोजन नीदरलैंड्स और आयरलैंड में होगा। टूर्नामेंट का शुरुआती चरण वूरबर्ग में आयोजित होगा जिसके बाद मुकाबले डबलिन के मलाहाइड में खेले जाएंगे।

अलग-अलग खेलों में टीमों के स्वामित्व से जुड़े रहे अभिषेक बच्चन का मानना है कि यूरोप क्रिकेट के लिए एक रोमांचक और काफी हद तक उपयुक्त बाजार है। उन्होंने कहा कि यह लीग महाद्वीप में क्रिकेट के विकास में योगदान देने की क्षमता रखती है।

अभिषेक ने पीटीआई से कहा, ‘‘साफ तौर पर कहूं तो अगर मुझे इसकी क्षमता नजर नहीं आती और मुझे वहां कोई बाजार नहीं दिखता, तो मैं आपके सामने बैठा ही नहीं होता। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे लिए एक रोमांचक नया बाजार है। यूरोप में क्रिकेट को देखने और इसे ‘फॉलो’ करने की बहुत बड़ी संभावना है और यह सिर्फ उन पारंपरिक यूरोपीय देशों तक सीमित नहीं है जहां पहले से क्रिकेट खेला जाता है। ’’

बच्चन ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि यूरोप में क्रिकेट के लिए एक नए दौर की शुरुआत हो रही है और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में यूरोप में क्रिकेट का बाजार बहुत मजबूत और व्यापक होगा।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में