चक्रवर्ती और नारायण चमके, केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को 165 रन पर समेटा

Ads

चक्रवर्ती और नारायण चमके, केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को 165 रन पर समेटा

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 05:55 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 05:55 PM IST

हैदराबाद, तीन मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्पिनरों वरुण चक्रवर्ती (36 रन देकर तीन विकेट) और सुनील नारायण (30 रन देकर दो विकेट) ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाते हुए रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को 19 ओवर में महज 165 रन के स्कोर पर समेट दिया।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल के इस सत्र में पहली बार ऑल आउट हुई, उसके लिए ट्रेविस हेड (61 रन) ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया।

केकेआर के लिए नारायण ने आईपीएल में अपना 200वां विकेट लिया। केकेआर ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने अंतिम 10 ओवर में 60 रन बनाकर नौ विकेट गंवाए।

सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद हमेशा की तरह आक्रामक बल्लेबाजी से शुरूआत की। उसने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा (10 गेंद, 15 रन) का विकेट गंवाकर एक विकेट पर 77 रन बना लिए थे। पावरप्ले में टीम के स्कोर का श्रेय हेड (28 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) को जाता है।

हेड को ईशान किशन (29 गेंद, 42 रन) का अच्छा साथ मिला। यह लगातार तीसरा मैच था जब सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले 10 ओवरों में 100 से ज्यादा रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 44 रन जोड़े। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 61 रन की साझेदारी की।

वैभव अरोड़ा के दूसरे ओवर में हेड ने चार चौके जड़े। हेड ने नारायण को भी नहीं बख्शा, उन्होंने तीसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया।

पारी के पांचवें ओवर में हमवतन कैमरन ग्रीन को भी तीन चौके जड़कर खूब परेशान किया।

लेकिन नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर चक्रवर्ती की गेंद पर हेड के आउट होते ही सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी पूरी तरह से ढह गई।

खतरनाक हेनरिक क्लासेन (11 रन) जल्दी आउट हो गए। ग्रीन की गेंद पर रोवमैन पॉवेल के शानदार कैच ने उन्हें पवेलियन पहुंचा दिया। पॉवेल ने डीप मिडविकेट पर अपनी दाईं ओर भागते हुए हवा में उछलकर अपने दाहिने हाथ से गेंद को लपक लिया। हालांकि इस दौरान उनका सिर जमीन से टकरा गया। यह इस सत्र में क्लासेन का सबसे कम स्कोर है।

चक्रवर्ती ने अपने लगातार दो ओवरों में रविचंद्रन स्मरण और अनिकेत वर्मा को आउट करके अपने तीन विकेट पूरे किए। इस तहर चक्रवर्ती ने तीन ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट झटक लिए थे।

इसके बाद वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑफ स्पिनर नारायण ने 16वें ओवर में किशन को आउट करके इस लीग में अपना 200वां विकेट लिया।

नारायण अपने 197वें मैच में आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले तीन सदस्यों के एक खास क्लब में शामिल हो गए। इस क्लब के अन्य दो सदस्य भुवनेश्वर कुमार (199 मैच में 215 विकेट) और युजवेंद्र चहल (182 मैच में 228 विकेट) शामिल हैं।

कार्तिक त्यागी ने भी 30 रन देकर दो विकेट लिए।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द