आईएसएल पर अनिश्चितता के चलते चेन्नईयिन एफसी ने परिचालन निलंबित किया

Ads

आईएसएल पर अनिश्चितता के चलते चेन्नईयिन एफसी ने परिचालन निलंबित किया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2025 / 09:44 PM IST,
    Updated On - August 6, 2025 / 09:44 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) को लेकर अनिश्चितता के चलते चेन्नईयिन एफसी ने बुधवार को अपना परिचालन निलंबित कर दिया जिससे भारतीय क्लब फुटबॉल संकट में दिख रहा है।

इससे कुछ दिन पहले बेंगलुरु एफसी और ओडिशा एफसी ने अपनी पहली टीम के खिलाड़ियों और कर्मचारियों को वेतन देना बंद करने का फैसला किया था।

चेन्नईयिन का यह फैसला बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के शीर्ष अधिकारियों और आठ आईएसएल क्लबों के बीच होने वाली बैठक से एक दिन पहले लिया है।

इस बैठक में चेन्नईयिन एफसी का प्रतिनिधित्व होने की संभावना नहीं है क्योंकि यह क्लब इस तरह के कदम का आह्वान करने वाले हस्ताक्षरकर्ताओं में शामिल नहीं है।

चेन्नई स्थित क्लब ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कहा, ‘‘आईएसएल के भविष्य को लेकर जारी अनिश्चितता को देखते हुए चेन्नईयिन एफसी ने क्लब के परिचालन को अस्थायी रूप से रोकने का बेहद मुश्किल फैसला लिया है। ’’

इसमें कहा गया, ‘‘यह फैसला लेना आसान नहीं था। हमने यह फैसला बहुत सोच समझकर और सावधानीपूर्वक विचार विमर्श के बाद लिया है। भारतीय फुटबॉल में एक हितधारक होने की चुनौतियां सबको पता है। ’’

दो बार की आईएसएल चैंपियन टीम उम्मीद करती है कि परिचालन की यह रूकावट ज्यादा देर तक नहीं रहेगी।

पिछले हफ्ते आईएसएल की टीम ओडिशा एफसी ने अपनी टीम के मुख्य खिलाड़ियों और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान निलंबित करने का फैसला लिया था।

सोमवार देर रात बेंगलुरु एफसी ने आईएसएल को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच अपनी टीम के मुख्य खिलाड़ियों और कर्मचारियों के अनुबंधों को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया था।

भाषा नमिता मोना

मोना