राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप : भारत ने जीत के साथ किया दमदार आगाज

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप : भारत ने जीत के साथ किया दमदार आगाज

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप : भारत ने जीत के साथ किया दमदार आगाज
Modified Date: July 27, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: July 27, 2026 8:07 pm IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने सोमवार को 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए क्रमशः जिम्बाब्वे और मालदीव को 3-0 से हराया।

पुरुष वर्ग के ग्रुप-ए के मुकाबले में राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता मानव ठक्कर ने ताइंडा मुमवुमा को 11-3, 11-2, 11-6 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद अनुभवी हरमीत देसाई ने तापिवा मुसारुरवा को 11-5, 11-4, 11-5 से शिकस्त दी। युवा खिलाड़ी पायस जैन ने विक्रम सिंह को 11-3, 11-3, 11-8 से पराजित कर भारत की 3-0 की एकतरफा जीत सुनिश्चित की।

इसी ग्रुप के अन्य मुकाबले में मलेशिया ने वेल्स को 3-0 से हराया।

ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया और नामीबिया को क्रमशः जमैका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-0 का वॉकओवर मिला। ग्रुप-सी में इंग्लैंड ने साइप्रस को 3-0 से हराया, जबकि न्यूजीलैंड ने फॉकलैंड द्वीपसमूह को इसी अंतर से मात दी।

ग्रुप-डी में कनाडा ने स्कॉटलैंड को 3-0 से पराजित किया, जबकि सिंगापुर ने उत्तरी आयरलैंड को 3-0 से शिकस्त दी।

महिला वर्ग के ग्रुप-बी में भारत ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मालदीव को बिना कोई गेम गंवाए 3-0 से हराया।

सुतिर्था मुखर्जी ने फातिमथ धीमा अली को 11-4, 11-2, 11-5 से हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद यशस्विनी घोरपड़े ने आयशथ रफा नाज़िम को 11-2, 11-5, 11-7 से मात दी। स्वास्तिका घोष ने मिश्का मोहम्मद इब्राहिम को 11-3, 11-5, 11-2 से हराकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी।

पहले दिन का सबसे बड़ा उलटफेर महिला ग्रुप-ए में देखने को मिला, जहां शीर्ष वरीयता प्राप्त सिंगापुर को श्रीलंका के खिलाफ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रोमांचक मुकाबले हालांकि सिंगापुर ने 3-2 की मुश्किल जीत दर्ज की।

महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में ग्रुप-बी में उत्तरी आयरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराया।

ग्रुप-सी में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने क्रमशः बांग्लादेश और साइप्रस को 3-0 से मात दी। ग्रुप-डी में कनाडा को बोत्सवाना के खिलाफ वॉकओवर मिला, जबकि मलेशिया ने स्कॉटलैंड को 3-0 से पराजित किया।

भाषा

आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में