क्रिकेटर अभिषेक पोरेल ‘बलात्कार’ के आरोपों में गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

क्रिकेटर अभिषेक पोरेल ‘बलात्कार’ के आरोपों में गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

क्रिकेटर अभिषेक पोरेल ‘बलात्कार’ के आरोपों में गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
Modified Date: August 11, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: August 11, 2026 5:51 pm IST

कोलकाता, 11 अगस्त (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को हुगली जिले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर मेडिकल की एक छात्रा ने शादी का वादा करके कथित तौर पर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

चिनसुराह की एक अदालत ने पोरेल को जमानत देने से इनकार कर दिया और तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुनार भूषण सिंह ने पीटीआई को बताया, ‘‘उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसे गिरफ्तार करने का अदालत का आदेश था। उसे कल देर रात गिरफ्तार किया गया। उसे आज अदालत में पेश किया गया।’’

पोरेल को मोगरा पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के दम दम स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया।

यह गिरफ्तारी तब हुई जब 20 जुलाई को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पुलिस को मामले के सिलसिले में क्रिकेटर को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। अदालत ने शिकायतकर्ता की तस्वीरों के प्रसार को रोकने के लिए उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने का भी आदेश दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है

कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे लगभग साढ़े तीन साल से ‘रिलेशनशिप’ में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने एक साथ विदेश यात्रा की थी लेकिन पोरेल ने बाद में अपने रिश्ते से इनकार कर दिया जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था लेकिन उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।

जून की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और टीमें चंदननगर में पोरेल के आवास पर कई बार गईं लेकिन वह वहां नहीं मिले।

महिला ने बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जिसके बाद अदालत ने पुलिस को 20 जुलाई को पोरेल को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। क्रिकेटर पर बलात्कार के आरोप के अलावा आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के आरोप भी शामिल हैं।

पोरेल ने पहले आरोपों से इनकार किया था।

पोरेल और उनके परिवार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।