DC vs RR IPL 2023
नई दिल्ली : DC vs RR IPL 2023 : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में आज डबल हेडर खेला जाएगा। पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच टक्कर होगी। यह मैच दोपहर 3.30 बजे से गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम खेला जाएगा। डेविड वॉर्नर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स के सामने अब हार की हैट्रिक का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में वह आज हर हाल में मैच अपने नाम करके जीत का खाता खोलने उतरेगी। आज हर हाल में दिल्ली टीम को बेहतर बैटिंग करनी होगी। कप्तान वॉर्नर और पृथ्वी शॉ को अच्छी शुरुआत देनी होगी।
DC vs RR IPL 2023 : ऋषभ पंत की अनुपस्थिति के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी कागजों पर मजबूत नजर आती है लेकिन पृथ्वी शॉ और सरफराज जैसे बल्लेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का सामना करने में परेशानी हो रही है। बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण दिल्ली को पहले दोनों मैच गंवाने पड़े।
टीम का सबसे कमजोर पक्ष उसके पास अनुभवी भारतीय बल्लेबाजों का अभाव है। यदि कोचिंग स्टाफ सरफराज की जगह किसी नए बल्लेबाज को रखना भी चाहेगा तो दिल्ली के पास यश धुल, रिपल पटेल और ललित यादव के रूप में ही विकल्प मौजूद है। इनमें से कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं है जिसने 150 की स्ट्राइक रेट से लगातार रन बनाए हो।
DC vs RR IPL 2023 : जबकि राजस्थान टीम के पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल जैसे स्पिनर हैं, जो गुवाहाटी की बैटिंग फ्रेंडली पिच पर भी विरोधी टीम को परेशानी में डाल सकते हैं। आक्रामक ओपनर बल्लेबाज जोस बटलर का इस मैच में खेलना संदिग्ध है, जो दिल्ली के लिए अच्छी खबर हो सकती है। बटलर पिछले मैच में कैच लेते समय चोटिल हो गए थे और उनके बाएं हाथ की छोटी उंगली में टांके लगे हैं।
यदि बटलर नहीं खेल पाते हैं तो जो रूट को उनके स्थान पर प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। राजस्थान टीम में ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं और वह एनरिक नोर्किया, खलील अहमद और कुलदीप यादव जैसे गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने अपना पिछला मैच गंवाया था लेकिन इसके बावजूद वहां इस मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।
DC vs RR IPL 2023 : राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल/केएम आसिफ (इम्पैक्ट प्लेयर), रियान पराग, शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, जेसन होल्डर, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, सरफराज खान/खलील अहमद (इम्पैक्ट प्लेयर), रिली रोशौ, रोवमैन पॉवेल, अक्षर पटेल, अमन खान, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया और मुकेश कुमार।