गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में
गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में
वडोदरा, तीन फरवरी (भाषा) शिनेल हेनरी (35 रन पर तीन विकेट) और नंदिनी शर्मा (44 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में शानदार गेंदबाजी के बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 के एलिमिनेटर मैच में मंगलवार को यहां गुजरात जायंट्स को 26 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल का टिकट कटाया।
कैपिटल्स के सामने बृहस्पतिवार को खेले जाने वाले फाइनल में पूर्व चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की चुनौती होगी।
जायंट्स को सात विकेट पर 168 रन पर रोकने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवर में तीन विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया।
कैपिटल्स के लिए लिजेल ली ने 24 गेंद में 43, शेफाली वर्मा ने 21 गेंद में 31, कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 23 गेंद में 41 और लौरा वोल्वार्डट ने 24 नाबाद 32 रन का योगदान दिया।
ली और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद में 89 रन की आक्रामक साझेदारी के साथ मैच का रुख तय किया तो वहीं वोल्वार्डट और जेमिमा ने तीसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 68 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत को जाया नहीं होने दिया।
जायंट्स के लिए जॉर्जिया वेयरहम ने दो जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ को एक सफलता मिली।
सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी की नाबाद 62 रन की शानदार पारी के दम पर जायंट्स ने सात विकेट 168 रन बनाये।
मूनी ने एक छोर संभालते हुए 51 गेंद की पारी में छह चौके जड़ने के साथ पांचवें विकेट के लिए जॉर्जिया वेयरहम के साथ 46 गेंद में 61 जबकि आखिरी ओवरों में काश्वी गौतम के साथ 19 गेंद में 39 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।
वेयरहम में 25 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगा 35 रन बनाये जबकि काश्वी ने 10 गेंद में 18 रन की परी के दौरान तीन चौके जड़ें।
लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए कैपिटल्स को तेज शुरुआत दिलाई। ली ने शुरुआती दो ओवरों में रेणुका सिंह और काश्वी गौतम के खिलाफ चौके लगाये तो वही शेफाली ने राजश्वरी गायकवाड़ के ओवर में दो बार गेंद का सीमा रेखा के पार भेजा।
ली ने रेणुका के खिलाफ पांचवे ओवर में हैट्रिक चौका जड़ा तो वही शेफली ने ओवर को लगातार दो चौके के साथ खत्म किया। टीम ने इस ओवर से 21 रन बटोरे। ली ने अगले ओवर में राजश्वरी के खिलाफ आक्रामक तेवर जारी रखते हुए चौका और पारी का पहला छक्का लगाया जिससे पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 75 रन हो गया। मौजूदा सत्र में यह टीम का पावरप्ले में सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
ली और शेफाली की 43 गेंद में 89 रन की साझेदारी को वेयरहम ने आठवें ओवर में ली को पगबाधा कर तोड़ा। उन्होंने इसी ओवर में शेफाली को भी बोल्ड कर कैपिटल्स को दोहरा झटका दिया।
क्रीज पर आयी लौरा वोल्वार्डट ने काश्वी के खिलाफ चौका लगाकर हाथ खोला तो वहीं कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने क्रीज पर समय बीतने के बाद एशलीघ गार्डनर और सोफी डिवाइन के खिलाफ चौके लगाकर रनगति को तेज किया।
जेमिमा की आक्रामक पारी राजेश्वरी के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डिवाइन को कैच दे कर खत्म हुई। वह हालांकि आउट होने से पहले टीम की जीत पक्की कर चुकी थी। मारिजेन कैप ने चौका लगाकर टीम को चार सत्र में चौथी बार फाइनल में पहुचा दिया।
इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेनरी की गेंद पर अनुभवी डिवाइन (छह) विकेटकीपर को कैच दे बैठी। मूनी और अनुष्का शर्मा (16) ने मारिजेन कैप के खिलाफ कलात्मक चौके जड़ ओवर से 17 रन बटोर कर दबाव कम करने की कोशिश की।
छठे ओवर में गेंदबाजी करने आई नंदिनी ने अपनी शुरुआती दो गेंदों पर दो विकेट झटककर अपनी शानदार लय को जारी रखा। हेनरी ने कमाल का कैच लपककर अनुष्का को चलता किया जबकि कप्तान गार्डनर ने खाता खोले बगैर स्नेह राणा को कैच थमा दिया।
कनिका आहुजा (छह) ने क्रीज पर आते ही चौका जड़ उन्हें हैट्रिक पूरा करने से रोक दिया। पावरप्ले के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन था।
दिल्ली के गेंदबाजों ने इसके बाद शिकंजा कस दिया जिसका फायदा मिन्नू मणि (23 रन पर एक विकेट) को मिला। कनिका शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकली और ली ने उनके स्टंप बिखेर दिये।
एक छोर से संभल कर बल्लेबाजी कर रही मूनी ने श्री चरण की गेंद को बाउंड्री पार भेज कर 33 गेंद के चौके के सूखे को खत्म किया। दूसरे छोर से वेयरहम ने कैप और नंदिनी की गेंद पर चौका जड़ा जिससे टीम ने 14 ओवर में रनों का शतक पूरा किया।
वेयरहम ने मूनी के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करने के बाद आक्रामक तेवर अपनाते हुए 16 ओवर में श्री चरण के खिलाफ मिड ऑफ के ऊपर से मैच का पहला छक्का लगाया।
हेनरी ने अगले ओवर में वेयरहेम को चलता करने के एक गेंद बाद भारती फुलमाली को खाता खोले बगैर आउट किया।
मूनी ने हेनरी के खिलाफ लगातार दो चौके जड़ने के दौरान 47 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। काश्वी ने ओवर का तीसरा चौका लगाया जिससे टीम ने 19वें ओवर से 16 रन बटोर कर 150 रन के आंकड़े को पार किया।
काश्वी ने रन आउट होने से पहले नंदिनी के खिलाफ आखिरी ओवर में चौका लगाया जबकि मूनी ने पारी की आखिरी गेंद पर चार रन के साथ टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जायंट्स ने आखिरी दो ओवरों में 31 रन बटोरे।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


