अलास्कन नाइट्स से हार के बावजूद गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने जीसीएल में फाइनल का टिकट कटाया
अलास्कन नाइट्स से हार के बावजूद गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने जीसीएल में फाइनल का टिकट कटाया
बेंगलुरु, 12 सितंबर (भाषा) गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने शनिवार को पीबीजी अलास्कन नाइट्स से हार के बावजूद बेहतर गेम प्वाइंट के आधार पर ‘ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल)’ के फाइनल में जगह बना ली लेकिन गत चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स से मिली हार के बाद अब आखिरी लीग मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं।
अंतिम राउंड-रॉबिन मुकाबलों से पहले पाइपर्स और गंगा ग्रैंडमास्टर्स दोनों के 18-18 मैच अंक थे। निचली पायदान पर मौजूद टीमों के खिलाफ जीत उन्हें फाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त होती।
दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने हालांकि पाइपर्स को 11-6 से हराकर खिताबी दौड़ को रोमांचक बना दिया। वह चौथे सत्र में पाइपर्स को दोनों मुकाबलों में हराने वाली पहली टीम बनी।
पाइपर्स की हार के बाद गंगा ग्रैंडमास्टर्स को पीबीजी अलास्कन नाइट्स के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए सिर्फ एक गेम प्वाइंट हासिल करने की जरूरत थी। यह लक्ष्य इयान नेपोमनियाशची के विश्वनाथन आनंद के साथ ‘आइकन बोर्ड’ पर ड्रॉ खेलने और स्तावरोउला त्सोलाकिदू के नीनो बात्सियाश्विली को हराने से हासिल हो गया।
प्लेयर ऑफ द मैच अभिमन्यु मिश्रा ने 32 चालों में ल्यूक लियोन मेंडोंका को हराकर अलास्कन नाइट्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद गंगा ग्रैंडमास्टर्स के लेइनियर डोमिंग्वेज पेरेज को हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले अल्पाइन एपीएल पाइपर्स की शुरुआत अच्छी रही थी। अरविंद चितंबरम ने विदित गुजराती पर 36 चालों में जीत दर्ज की।
इसके बाद फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को 49 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर दिया। प्रतियोगिता में यह कार्लसन की पहली हार और फिरोजा की पहली जीत थी। इस जीत से उनकी टीम की कम से कम तीसरे स्थान के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी कायम रहीं।
वोलोदार मुर्जिन ने प्रणव वी को हराया जिससे पाइपर्स को कम से कम छह अंक मिले और फाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदें बनी रहीं।
अमेरिकन नाइट्स के पास अब पाइपर्स को पीछे छोड़कर फाइनल में जगह बनाने का मौका है। इसके लिए उसे अंतिम लीग मुकाबले में मुंबई मास्टर्स को हराने के साथ कम से कम नौ गेम प्वाइंट हासिल करने होंगे।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


