दलीप ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी पूर्व क्षेत्र टीम के उपकप्तान नियुक्त

Ads

दलीप ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी पूर्व क्षेत्र टीम के उपकप्तान नियुक्त

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 08:15 PM IST

कोलकाता, 29 जुलाई (भाषा) प्रतिभाशाली किशोर क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को अगले महीने से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए इशान किशन की अगुआई वाली पूर्व क्षेत्र टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

बंगाल और झारखंड के खिलाड़ियों के वर्चस्व वाली टीम में 15 वर्षीय सूर्यवंशी को अपने पहले लाल गेंद के क्षेत्रीय टूर्नामेंट में ही उपकप्तान बनाए जाने को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उन्हें सभी प्रारूपों के खिलाड़ी के रूप में तैयार किया जा रहा है।

बिहार के सूर्यवंशी टीम में राज्य के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

पूर्व क्षेत्र की टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद तथा भारत ए के पूर्व कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को भी शामिल किया गया है।

टीम चयन के लिए बैठक ईडन गार्डन्स में आयोजित की गई जहां क्षेत्रीय चयनकर्ताओं ने बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष सौरव गांगुली से भी मुलाकात की।

कप्तान किशन के अलावा झारखंड से भारत ए के खिलाड़ी कुमार कुशाग्र और अनुकूल रॉय को भी टीम में जगह मिली है।

बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा, ‘‘इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी का पूर्व क्षेत्र की टीम का उपकप्तान बनना बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व की बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपने शानदार प्रदर्शन और खेल के प्रति परिपक्व दृष्टिकोण के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है।’’

यह टूर्नामेंट 23 अगस्त से छह सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।

पूर्व क्षेत्र टीम:

इशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधू जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिक्जार मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, डेनिश दास और अभिजीत सरकार।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता