कोलकाता, 16 अप्रैल (भाषा) ईस्ट बंगाल एफसी ने बृहस्पतिवार को यहां इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के एक रोमांचक मैच में बेंगलुरु एफसी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बार पिछड़ने के बाद मुकाबले को 3-3 ड्रॉ कराया।
पहले हाफ में 10 खिलाड़ियों तक सिमट जाने के बावजूद ईस्ट बंगाल ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया। अनवर अली, साउल क्रेस्पो और एंटोन सोजबर्ग ने गोल करके टीम के लिए एक अंक सुनिश्चित किया।
बेंगलुरु एफसी की ओर से आशिक कुरुनियन, सुरेश सिंह वांगजम और रेयान विलियम्स ने गोल दागे।
इस नतीजे के बाद दोनों टीम के 15-15 अंक हो गए हैं। आठ मैच के बाद गोल अंतर के आधार पर ईस्ट बंगाल तीसरे स्थान पर है जबकि एक मैच अधिक खेलने वाली बेंगलुरु एफसी की टीम चौथे स्थान पर है।
मिडफील्ड में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए साउल क्रेस्पो को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
भाषा सुधीर
सुधीर