एडमंड की हैट्रिक, ईस्ट बंगाल ने 17वां डूरंड कप खिताब जीता
एडमंड की हैट्रिक, ईस्ट बंगाल ने 17वां डूरंड कप खिताब जीता
कोलकाता, 23 अगस्त (भाषा) ईस्ट बंगाल ने एडमंड लालरिंडिका की हैट्रिक की बदौलत शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां मोहन बागान को 4-1 से करारी शिकस्त दी और रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए अपना 17वां डूरंड कप खिताब जीत लिया।
एंटोनियो लोपेज हबास के मार्गदर्शन वाली ईस्ट बंगाल की टीम सर्वश्रेष्ठ लय में नजर आई। कप्तान मोहम्मद राशिद ने मिडफील्ड को संभाला और हमलों को नाकाम किया। ईस्ट बंगाल ने पहले रोमांचक हाफ में चार गोल दागकर अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को शुरुआत में ही झटका दे दिया।
राशिद ने 10वें मिनट में बिपिन सिंह को शुरुआती गोल करने में मदद की और बाद में 44वें मिनट में लालरिंडिका के हैट्रिक गोल में भी मदद की।
जेसिन टीके की जगह अकेले फॉरवर्ड के रूप में उतरे लालरिंडिका ने इससे पहले 12वें और 22वें मिनट में गोल किए। इस तरह ईस्ट बंगाल ने पहले हाफ में ही मोहन बागान की खिताब जीतने की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया।
मनवीर सिंह ने मोहन बागान के लिए 33वें मिनट में एक गोल किया।
हालांकि मौजूदा इंडियन सुपर लीग चैंपियन ईस्ट बंगाल ने अपनी मजबूत और अनुशासित खेल शैली बनाए रखी और जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उसने 2023 के फाइनल में मिली 0-1 की हार का बदला भी ले लिया जिसमें मोहन बागान ने रिकॉर्ड 17वां डूरंड कप खिताब जीता था।
इस नतीजे के साथ कोलकाता के दोनों दिग्गज क्लब अब बराबरी पर आ गए हैं। एशिया की सबसे पुरानी प्रतियोगिता के 135 साल के इतिहास में ईस्ट बंगाल और मोहन बागान दोनों के नाम 17-17 डूरंड कप खिताब हैं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


