एलोय रूम ने 15 बचाव किए, क्यूरासाओ ने इक्वाडोर को बराबरी पर रोका

एलोय रूम ने 15 बचाव किए, क्यूरासाओ ने इक्वाडोर को बराबरी पर रोका

एलोय रूम ने 15 बचाव किए, क्यूरासाओ ने इक्वाडोर को बराबरी पर रोका
Modified Date: June 21, 2026 / 08:39 am IST
Published Date: June 21, 2026 8:39 am IST

कनसास सिटी, 21 जून (एपी) क्यूरासाओ के गोलकीपर एलोय रूम ने इक्वाडोर के लगातार हमलों का डटकर सामना करते हुए 15 बचाव किए, जिससे विश्व कप फुटबॉल में भाग ले रहे सबसे छोटे देश ने ग्रुप ई का यह मैच गोलरहित बराबरी पर रोककर अपना पहला अंक हासिल किया।

इस परिणाम से जर्मनी को ग्रुप ई में शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका मिल गया। जर्मनी ने इससे पहले आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया था।

37 वर्षीय रूम ने पिछले साल नवंबर में जमैका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके क्यूरासाओ को पहली बार विश्व कप में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने जर्मनी से 7-1 की हार के बाद शानदार वापसी की और विश्व कप इतिहास में किसी गोलकीपर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में अपना नाम लिखाया।

विश्व कप में सर्वाधिक बचाव करने की आंकड़े 1966 से ही रखे जाने लगे थे और रूम 15 बचाव करके इस सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रिकॉर्ड 16 बचाव करने का है जो एक जुलाई, 2014 को अमेरिका के टिम हॉवर्ड ने बेल्जियम के खिलाफ बनाया था।

यह मैच ड्रॉ होने से ग्रुप ई से कोई भी टीम नॉकआउट में पहुंचने की दौड़ से बाहर नहीं हुई है लेकिन इससे इक्वाडोर की स्थिति ग्रुप के अपने आखिरी मैच से पहले बेहद खराब हो गई है। इस ग्रुप के आखिरी मैच बृहस्पतिवार को फिलाडेल्फिया में क्यूरासाओ और आइवरी कोस्ट के बीच और न्यूयॉर्क में इक्वाडोर और जर्मनी के बीच खेले जाएंगे।

स्टेडियम पूरी तरह से इक्वाडोर की पीली जर्सी के रंग में रंगा था। क्यूरासाओ की नीले रंग की जर्सी में बहुत कम प्रशंसक नजर आ रहे थे।

पहले हाफ में इक्वाडोर की टीम लगातार मौके तलाशती रही और गोल करने के खुले अवसर बनाती रही। लेकिन हर बार, क्यूरासाओ की टीम इन प्रयासों को विफल कर देती थी।

मैच के शुरुआती मिनटों में इक्वाडोर ने गोल करने का शानदार मौका गंवा दिया, जब विश्व कप के अनुभवी खिलाड़ी एनर वालेंसिया गोलकीपर के सामने खाली जगह पर गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। रूम ने सही अनुमान लगाया और बायीं तरफ गोता लगाकर क्यूरासाओ पर से खतरा टाल दिया।

दूसरे हाफ में इक्वाडोर लगातार हमले करता रहा लेकिन रूम के सामने उनकी एक नहीं चली। उन्होंने इस बीच मोइसेस कैसिडो और वालेंसिया के दो शानदार प्रयासों को विफल किया। इसके बाद मिले कॉर्नर किक पर रूम ने दो और बेहतरीन बचाव किए। आखिर में रूम मैच के नायक बनकर मैदान से बाहर निकले।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में