इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रन से हराया, एक टेस्ट बाकी रहते सीरीज जीती

Ads

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रन से हराया, एक टेस्ट बाकी रहते सीरीज जीती

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 10:43 PM IST

लंदन, 30 अगस्त (एपी) इंग्लैंड ने रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन पाकिस्तान को 194 रन से हरा दिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने दिसंबर 2024 के बाद अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की जबकि श्रृंखला में अभी एक मैच बाकी है।

पाकिस्तान की टीम 389 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए चाय के लगभग 45 मिनट बाद 194 रन पर ऑलआउट हो गई। सऊद शकील ने श्रृंखला में पाकिस्तान की ओर से मजबूत प्रदर्शन किया, लेकिन वह 97 रन के स्कोर पर बाउंड्री के पास कैच आउट हो गए। यह श्रृंखला में किसी भी टीम के बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा।

इंग्लैंड को केवल 18 विकेट लेने पड़े क्योंकि पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक पहले दिन बाएं पैर की पिंडली में चोट लगने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।

तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने मैच में कुल आठ विकेट लिए। उन्होंने रविवार को 24 रन देकर चार विकेट चटकाए और पूरे मैच में 35 रन देकर आठ विकेट हासिल किए।

अब श्रृंखला का तीसरा और आखिरी टेस्ट नौ सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होगा।

इस श्रृंखला में पाकिस्तान की बल्लेबाजी में संघर्ष साफ दिखाई दिया है। टीम अब तक एक पारी में 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी है। ऐसे में रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर के खिलाफ शकील का शानदार संघर्ष रविवार दोपहर का मुख्य आकर्षण रहा।

शकील और कप्तान शान मसूद ने तीन विकेट पर 14 रन के स्कोर से 97 रन की साझेदारी की और करीब चार घंटे तक इंग्लैंड के गेंदबाजों को परेशान किया।

हालांकि देर से हुई चाय से लगभग एक घंटे पहले रॉबिन्सन ने मसूद को आउट करके यह साझेदारी तोड़ दी। इसके तुरंत बाद उन्होंने मोहम्मद रिजवान को भी आउट कर दिया, जो उनका टेस्ट क्रिकेट में 99वां विकेट था। इसके बाद उन्होंने दोबारा गेंदबाजी नहीं की।

एपी नमिता

नमिता