गेंद के कैमरा केबल से टकराने के बाद इंग्लैंड ने किया गोल

Ads

गेंद के कैमरा केबल से टकराने के बाद इंग्लैंड ने किया गोल

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:15 AM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:15 AM IST

मियामी गार्डन्स, 12 जुलाई (एपी) इंग्लैंड ने 40 साल पहले ‘हैंड ऑफ गॉड’ का दंश झेला था लेकिन शनिवार को नॉर्वे के खिलाफ विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में लगभग इससे मिलती-जुलती एक घटना उसके लिए वरदान बन गई।

पहले हाफ में जब इंग्लैंड की टीम एक गोल से पीछे चल रही थी तब इंजरी टाइम में एक गोल किक मैदान के ऊपर लगी केबल से टकरा गई। इसके बाद इंग्लैंड के जूड बेलिंगहम ने बराबरी का गोल दाग दिया। इंग्लैंड ने यह मैच आखिर में 2-1 से जीता।

नियमों के अनुसार यदि गेंद को केबल से टकराते हुए देखा गया होता तो खेल रोक दिया जाता और गेंद पर किस टीम का कब्जा होता इसे निर्धारित करने के लिए ‘ड्रॉप बॉल’ का उपयोग किया जाता।

लेकिन इस मामले में खेल नहीं रोका गया और यह पता नहीं चला की वीडियो समीक्षा प्रणाली (वीएआर) से जुड़े सहायक रेफरी जेरोम ब्रिसार्ड ने इस पर गौर किया या नहीं। ब्रिसार्ड अर्जेंटीना और मिस्र के बीच अंतिम 16 के मैच में भी वीएआर रेफरी की भूमिका निभा रहे थे। इस मैच में अर्जेंटीना ने वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल की और मिस्र ने रेफरी के ‘गलत’ फैसले की शिकायत की थी।

इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच मैच में इस विवादित घटना की शुरुआत तब हुई जब नॉर्वे के गोलकीपर ओरजान नाइलैंड ने गेंद पर किक मारी। गेंद की दिशा बदलने के कुछ ही सेकंड बाद इंग्लैंड ने उस पर नियंत्रण कर लिया, लेकिन इससे पहले गेंद कैमरे को लटकाने वाली केबल से छू गई थी। गेंद बेलिंगहम के पास पहुंची, जिन्होंने नाइलैंड को छकाते हुए गोल कर दिया।

नाइलैंड ने निराशा में मैदान पर हाथ पटका। हाफ टाइम से पहले उन्होंने, नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड और कोच स्टाले सोलबक्केन ने फ्रांस के रेफरी क्लेमेंट टर्पिन से इस बारे में शिकायत भी की।

इस घटना से 1986 में मैक्सिको में खेले गए विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना के कप्तान डियागो माराडोना के इंग्लैंड के खिलाफ किए गए ‘हैंड आफ गॉड’ की याद ताजा हो गई। गेंद तब माराडोना के हाथ से लगकर गोल में पहुंची थी लेकिन रेफरी को इसका पता नहीं चला था।

अर्जेंटीना और मिस्र के मैच में वीएआर समीक्षा के बाद मिस्र के एक गोल को 58वें मिनट में स्कोरबोर्ड से हटा दिया गया था, क्योंकि वीएआर में पाया गया कि मारवान अत्तिया ने अर्जेंटीना के डिफेंडर लिसैंड्रो मार्तिनेज पर फाउल किया था।

एपी

पंत मोना

मोना