चार ओवर में चार विकेट गिरना टर्निंग पॉइंट था: वेणुगोपाल राव

चार ओवर में चार विकेट गिरना टर्निंग पॉइंट था: वेणुगोपाल राव

चार ओवर में चार विकेट गिरना टर्निंग पॉइंट था: वेणुगोपाल राव
Modified Date: April 12, 2026 / 10:38 am IST
Published Date: April 12, 2026 10:38 am IST

चेन्नई, 12 अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में लगातार चार ओवर में चार विकेट गिरना ‘टर्निंग पॉइंट’ था जिससे उनकी टीम को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली कैपिटल्स ने 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 4.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 61 रन बनाए थे, लेकिन केएल राहुल (18), पथुम निसांका (41), अक्षर पटेल (01) और समीर रिजवी (06) के आउट होने से स्कोर चार विकेट पर 76 रन हो गया।

वेणुगोपाल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बल्लेबाजी में हमारी तरफ से कुछ कमी रह गई। चार ओवरों में चार विकेट गंवाना टर्निंग पॉइंट था। इस प्रारूप में लगातार विकेट गंवाने से टीम को नुकसान होता है।’’

दिल्ली कैपिटल्स की फील्डिंग भी अच्छी नहीं रही। उसने आयुष म्हात्रे को रन आउट करने का मौका गंवाया और संजू सैमसन का कैच छोड़ा, जिन्होंने इसका फायदा उठाकर 56 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘यह एक लंबी अवधि का टूर्नामेंट है और इसमें एक दो मैच आपकी उम्मीद के अनुरूप नहीं होंगे। पहले तीन मैचों में हमने अच्छी फील्डिंग की। इस मैच में हमने एक रन आउट का मौका गंवा दिया और उसी ओवर में संजू को जीवनदान दे दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने 15-20 रन ज़्यादा दे दिए। यदि आपके सामने 200 रन से कम का लक्ष्य होता है तो मनोवैज्ञानिक रूप से उसे विशेषकर इन परिस्थितियों में हासिल करने का बेहतर मौका होता है।’’

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में